सिघु बार्डर पर पुलिस के साथ ही प्रदर्शनकारी भी दिखे चौकस

कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे सोनीपत के कुंडली बार्डर के धरना स्थल पर युवक की हत्या की घटना के बाद शुक्रवार को सिघु बार्डर पर पुलिस व प्रदर्शनकारी दोनों चौकस दिखे।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 15 Oct 2021 08:25 PM (IST) Updated:Fri, 15 Oct 2021 08:25 PM (IST)
सिघु बार्डर पर पुलिस के साथ ही प्रदर्शनकारी भी दिखे चौकस
सिघु बार्डर पर पुलिस के साथ ही प्रदर्शनकारी भी दिखे चौकस

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली : कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे सोनीपत के कुंडली बार्डर के धरना स्थल पर युवक की हत्या की घटना के बाद शुक्रवार को सिघु बार्डर पर पुलिस व प्रदर्शनकारी दोनों चौकस दिखे।

सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिसकर्मी जहां हर आने जाने वालों पर निगाह रख रहे थे, वहीं प्रदर्शनकारी भी धरना स्थल पर आ रहे लोगों से टोका-टोकी करते रहे। वे पूरी छानबीन के बाद ही उन्हें धरना स्थल तक पहुंचने दे रहे थे।

दिल्ली की तरफ सिघु बार्डर के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुलिस ने चार जगहों पर बैरिकेडिग कर रखी है। ऐसा करने का मकसद यह है कि कोई अवांछित तत्व धरना स्थल तक नहीं पहुंच सके। दिल्ली ओर से से पहली बैरिकेडिग सिघु बार्डर से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले कर रखी है। यहां एक तरफ रास्ता सिघु गांव आदि से आने वालों के लिए खुला हुआ है। लेकिन दिल्ली की ओर से सिघु गांव की ओर राजमार्ग से होकर जाने पर पुलिस ने रोक लगा रखी है। शुक्रवार को यहां पुलिस मुस्तैदी के साथ ऐसे लोगों को रोकती नजर आई, जो सिघु गांव की ओर से जाना चाह रहे थे। पुलिस सिघु गांव की ओर से आने वाले वाहनों में सवार लोगों से भी पूछताछ करती दिखी। मौके पर अर्ध सैनिक बल के जवान भी तैनात दिखे।

राष्ट्रीय राजमार्ग से होकर कोई सीधे सिघु बार्डर स्थित धरना स्थल नहीं पहुंच सकता है। ऐसे में लोग सिघोला गांव से होकर नरेला के रास्ते धरना स्थल तक पहुंचते हैं। लेकिन शुक्रवार को इस मार्ग पर भी प्रदर्शनकारी चौकस नजर आए और धरना स्थल की ओर से आने वाले लोगों को रोककर पूछताछ करते दिखे। प्रदर्शनकारी पूरी तरह से संतुष्ट होने के बाद ही उन्हें धरना स्थल तक पहुंचने दे रहे थे। प्रदर्शनकारी सोनीपत की ओर जाने की बात कहने वाले लोगों को वापस लौटा दे रहे थे।

सिंघु बार्डर पर किसान मजदूर संघर्ष कमेटी (पंजाब) की ओर से धरना दिया जा रहा है। यहां धरना दे रहे प्रदर्शनकारी भी दिनभर कुंडली बार्डर पर हुई घटना को लेकर आपस में चर्चा करते रहे।

chat bot
आपका साथी