बदरंग हुई होली : दिल्ली में SI के पेट में घोंपा चाकू, गाजियाबाद में फायरिंग में गई युवक की जान

दिल्ली-एनसीआर में जहां बृहस्पतिवार को होली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया वहीं कुछ इलाकों में मारपीट से लेकर मामूली विवाद में हत्या तक कर दी गई।

By JP YadavEdited By: Publish:Thu, 21 Mar 2019 07:02 PM (IST) Updated:Fri, 22 Mar 2019 07:32 AM (IST)
बदरंग हुई होली : दिल्ली में SI के पेट में घोंपा चाकू, गाजियाबाद में फायरिंग में गई युवक की जान
बदरंग हुई होली : दिल्ली में SI के पेट में घोंपा चाकू, गाजियाबाद में फायरिंग में गई युवक की जान

नई दिल्ली/गाजियाबाद, जेएनएन। दिल्ली-एनसीआर में जहां बृहस्पतिवार को होली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया, वहीं कुछ इलाकों में मारपीट से लेकर मामूली विवाद में हत्या तक कर दी गई। इस कड़ी में जहां दिल्ली में मामूली विवाद में दिल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर को चाकू मार दिया, वहीं यूपी के गाजियाबाद में रंजिश में 25 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। 

पहला मामला : रंग के विवाद में चली गोली पास खड़े युवक को लगी, मौत

गाजियाबाद के विजयनगर थानाक्षेत्र में होली के दिन एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे की है। पुलिस के मुताबिक, होली खेलने के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष के व्यक्ति ने घर से तमंचा लाकर दूसरे पर फायर कर दिया। गोली पास खड़े तीसरे व्यक्ति को जा लगी। गंभीर हालत में उसे एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

विजयनगर थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान अनुराग (25) के रूप में हुई है। वह भीमनगर की गली नंबर चार में रहता था। अनुराग विजयनगर बाइपास के नजदीक अंडे की ठेली लगाता था।

पुलिस के मुताबिक, अनुराग के पड़ोस में रहने वाले प्रिंस और आकाश की आपस में पहले से रंजिश थी। होली के दिन घर के बाहर ही रंग खेलने को लेकर आकाश के छोटे भाई बिट्टू और प्रिंस में कहासुनी हो गई। दोनों में मारपीट भी हुई, जिसके बाद मौके पर पहुंचे आकाश ने घर से तमंचा लाकर फायर कर दिया। गोली पास में ही खड़े अनुराग के सीने में धंस गई। घटना को अंजाम देने के बाद आकाश और बिट्टू मौके से फरार हो गए। लोगों ने अनुराग को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के अलावा सीओ सिटी फर्स्ट धर्मेंद्र चौहान और एसपी सिटी श्लोक कुमार मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। एसपी सिटी का कहना है कि लोगों से पूछताछ और मौका मुआयना किया गया है।गोली आपसी रंजिश में गोली चलाई गई थी, जो अनुराग को लग गई। मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपितों की धरपकड़ के लिए दो टीमों को लगाया है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

दूसरा मामला : राजोरी गार्डन इलाके में सब इंस्पेक्टर को चाकू मारा

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके में कुछ लड़कों ने मामूली विवाद में बृहस्पतिवार को सब इंस्पेक्टर को चाकू मार दिया। घायल सब इंस्पेक्टर अस्पताल में भर्ती है खतरे से बाहर है। आरोपी लड़कों की तलाश की जा रही है। सब इंस्पेक्टर निहाल विहार थाने में तैनात था।

घटनाक्रम के मुताबिक, सब इंस्पेक्टर अमित कुमार सिविल ड्रेस में अपने दोस्तों के साथ पीसी कैंप रघुवीर नगर इलाके के पास से निकल रहा था। इस दौरान होली खेल रहे कुछ लड़कों ने होली का रंग पानी सब इंस्पेक्टर की गाड़ी पर डाल दिया। इस पर सब इंस्पेक्टर और उन लड़कों में झगड़ा हुआ, जिसके बाद लड़कों ने सब इंस्पेक्टर के पेट मे चाकू मार दिया। 

chat bot
आपका साथी