यमुना एक्सप्रेस वे पर सफर करने जा रहे तो पढ़ लीजिए खबर, स्पीड तेज होते ही आएगा मैसेज

एक्सप्रेस वे पर कहीं भी हादसा होने पर कोई व्यक्ति उसकी तस्वीर एप के जरिये कंट्रोल रूम तक भेज सकेगा। यह तस्वीर तुरंत ही कंट्रोल रूम के साथ एक्सप्रेस वे पर पेट्रोलिंग कर रहे पुलिस व संचालक कंपनी के वाहनों तक पहुंच जाएगी।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Wed, 24 Feb 2021 07:10 AM (IST) Updated:Wed, 24 Feb 2021 11:23 AM (IST)
यमुना एक्सप्रेस वे पर सफर करने जा रहे तो पढ़ लीजिए खबर, स्पीड तेज होते ही आएगा मैसेज
वाहन की रफ्तार होगी तेज तो सचेत करेगा यमुना साथी एप

नई दिल्ली, जेवर [अरविंद]। यमुना एक्सप्रेस वे पर अगर आप गति सीमा का उल्लंघन करेंगे तो एप आपको ऐसा करने से रोकेगा। तय गति सीमा से वाहन की रफ्तार अधिक होते ही मोबाइल पर संदेश पहुंचेगा और चालक को गति कम करने को कहा जाएगा। यमुना एक्सप्रेस वे पर सफर के लिए तैयार कराए गए यमुना साथी एप में यह फीचर शामिल किया गया है। एक्सप्रेस वे पर हादसे रोकने के लिए किए जा रहे उपायों में यमुना साथी एप मोबाइल में होने की अनिवार्यता लागू की जा रही है।

अभी तक यमुना एक्सप्रेस वे पर हाइवे साथी एप के जरिये कंट्रोल रूम से जुड़ा जा सकता है, लेकिन जेपी इंफ्राटेक ने यमुना साथी एप तैयार कराया है, जिसमें हाइवे साथी एप की तुलना में कई अतिरिक्त फीचर होंगे। यह एप एक सप्ताह में शुरू हो जाएगा। प्ले स्टोर से इसे डाउनलोड करने की सुविधा होगी। एक्सप्रेस वे पर सफर के दौरान मोबाइल में यमुना साथी एप होना जरूरी होगा।

एक्सप्रेस वे पर कहीं भी हादसा होने पर कोई व्यक्ति उसकी तस्वीर एप के जरिये कंट्रोल रूम तक भेज सकेगा। यह तस्वीर तुरंत ही कंट्रोल रूम के साथ एक्सप्रेस वे पर पेट्रोलिंग कर रहे पुलिस व संचालक कंपनी के वाहनों तक पहुंच जाएगी। इसके साथ ही हादसाग्रस्त वाहन की लोकेशन भी पहुंच जाएगी। नजदीकी पेट्राेलिंग वाहन मौके पर मदद के लिए तुरंत पहुंच जाएगा। घायलों को समय से मदद और चिकित्सीय उपचार मिल जाएगा। एक्सप्रेस वे पर हादसों में होने वाली मौत का आकड़ा कम करने में मदद मिलेगी।

यमुना एक्सप्रेस वे पर बेहतर सुविधाएं देने के प्रयास किए जा रहे हैं। विभिन्न संस्थाओं द्वारा दिए गए सुझावों को लागू किया जा रहा है। एक सप्ताह में यमुना साथी एप भी उपलब्ध हो जाएगा।

जेके शर्मा, प्रबंधक जेवर टोल प्लाजा

chat bot
आपका साथी