पहलवान सागर धनखड़ हत्याकांड: अब सोनू की उज्बेकिस्तान की गर्लफ्रेंड की बात भी आई सामने, पढ़िए क्या है कनेक्शन

सागर धनखड़ हत्या मामले में क्राइम ब्रांच ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित ओलंपियन सुशील कुमार का परिचित है। यह बाहरी दिल्ली के एक सरकारी स्कूल में शारीरिक व्यायाम का शिक्षक है और जूडो का कोच भी है।

By Vinay Kumar TiwariEdited By: Publish:Wed, 16 Jun 2021 07:24 PM (IST) Updated:Wed, 16 Jun 2021 07:24 PM (IST)
पहलवान सागर धनखड़ हत्याकांड: अब सोनू की उज्बेकिस्तान की गर्लफ्रेंड की बात भी आई सामने, पढ़िए क्या है कनेक्शन
सागर धनखड़ हत्याकांड मामले में पहलवान सुशील कुमार का जानकार गिरफ्तार किया गया है।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। पहलवान सागर धनखड़ की हत्या के मामले में एक के बाद एक राज सामने आ रहे हैं। इस मामले में पुलिस जैसे-जैसे आरोपियों को गिरफ्तार कर रही है, नई जानकारियां सामने आ रही हैं। अब एक कोच की गिरफ्तारी के बाद ये बात भी सामने आई है कि अजय सहरावत ने सोनू महाल की उज्बेकिस्तान की रहने वाली गर्लफ्रेंड को उसी फ्लैट पर पहुंचकर बेइज्जत किया था और उसको थप्पड़ भी मारे थे। इसके बाद सोनू ने फोन करके अजय को काफी गालियां भी दी थी। इसके बाद दोनों में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा था। जिसका नतीजा 4-5 मई की रात को सागर की हत्या के रूप में सामने आया।

बताया जा रहा है कि फरवरी में सोनू ने उज्बेकिस्तान की रहने वाली गर्लफ्रैंड को उसकी जन्मदिन मनाने के लिए अपने फ्लैट पर बुलाया था। दोपहर में सोनू व सागर कुछ सामान खरीदने बाजार गए थे तभी सुशील का खास सहयोगी अजय सहरावत उस फ्लैट पर पहुचकर युवती को खूब अपमानित किया था। सूत्रों की मानें तो अजय ने युवती को दो तीन तमाचा भी जड़ दिया था और वापस स्टेडियम आ गया था। कुछ देर बाद सोनू व सागर जब फ्लैट पर आए तब युवती ने उन्हें आपबीती बताई। इसपर सोनू ने फोन पर अजय को जमकर गालियां दी थी और जल्द ही देख लेने की धमकी दी थी।

उधर पहलवान सागर धनखड़ हत्याकांड मामले में क्राइम ब्रांच ने एक और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।इसे 11 जून को बाहरी दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। आरोपित ओलंपियन सुशील कुमार का परिचित है। यह बाहरी दिल्ली के एक सरकारी स्कूल में शारीरिक व्यायाम का शिक्षक है और जूडो का कोच भी है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर शिबेश सिंह के मुताबिक गिरफ्तार जूडो कोच का नाम सुभाष है। कुख्यात काला जठेड़ी से भी इसके बेहतर संबंध है। पुलिस ने दिल्ली सरकार को सुभाष के बारे में पत्र के जरिये जानकारी दे दी है।

एक सप्ताह क्राइम ब्रांच ने हरियाणा के निहारी गांव से अनिरुद्ध को गिरफ्तार किया था। उसे पूछताछ के लिए चार दिन के रिमांड पर लिया गया था। बाद में पुलिस ने उसके घर से वारदात वाली रात पहने हुए कपड़े और मोबाइल बरामद कर लिया था। दोनों को जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब भेज दिया है।

सागर हत्याकांड में पुलिस अबतक ओलंपियन सुशील कुमार समेत 11 आरोपितों को दिल्ली व हरियाणा के अलग अलग जगहों से गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्य आरोपित सुशील का मोबाइल व वारदात वाली रात पहने कपड़े पुलिस अब तक बरामद नहीं कर पाई है। घटना में शामिल 8 अन्य आरोपित जिनकी पहचान कर ली गई है, लेकिन उनकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। फरार आरोपितों की तलाश में हर संभावित जगहों पर पुलिस छपेमारी कर रही है।

chat bot
आपका साथी