यमुना किनारे तीन किमी लंबे रिवर फ्रंट का काम शुरू, दिल्ली के पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

भाजपा नेता मनोज तिवारी ने कहा कि इसी क्षेत्र में दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 709बी का एलिवेटेड हिस्सा भी बनने जा रहा है। जो लोग इस रोड से गुजरेंगे रिवर फ्रंट की सुंदरता उनको आकर्षित करेगी। इस परियोजना पर करीब 36 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Sun, 25 Jul 2021 07:07 PM (IST) Updated:Sun, 25 Jul 2021 07:07 PM (IST)
यमुना किनारे तीन किमी लंबे रिवर फ्रंट का काम शुरू, दिल्ली के पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
उत्तर-पूर्वी जिले में शास्त्री पार्क जीटी रोड से वजीराबाद बैराज के बीच बनाया जाएगा रिवर फ्रंट

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। साबरमती नदी की तर्ज पर उत्तर पूर्वी जिले में यमुना किनारे रिवर फ्रंट बनाने का कार्य दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने शुक्रवार को पुराना उस्मानपुर की तरफ से शुरू कर दिया। पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने रिवर फ्रंट के कार्य का शुभारंभ किया।

शास्त्री पार्क जीटी रोड से वजीराबाद बैराज से बीच करीब तीन किलोमीटर हिस्से में इसे विकसित किया जाएगा। इसकी चौड़ाई करीब 300 मीटर होगी। इसके तहत 11 झीलें, पार्क, साइकिल ट्रैक, पैदल पथ, बगीचा, बैठने के स्थान समेत कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस परियोजना पर करीब 36 करोड़ रुपये की लागत आएगी। जिसमें से फिलहाल 24 करोड़ रुपये के कार्यों का टेंडर कर दिया गया है।

सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि यमुना रिवर फ्रंट उनका ड्रीम प्रोजेक्ट है। इससे दिल्ली के पर्यटन को नया आयाम मिलेगा। पूरे देश के लोग यमुना की गोद में वक्त बिताने आएंगे। उन्होंने कहा कि वह यमुना में वाटर टैक्सी चलाने जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम कर रहे हैं। इसकी मंजूरी मिल जाए तो यमुना रिवर फ्रंट एक पूर्ण पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो जाएगा। इस परियोजना से पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

उन्होंने कहा कि इसी क्षेत्र में दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 709बी का एलिवेटेड हिस्सा भी बनने जा रहा है। जो लोग इस रोड से गुजरेंगे, रिवर फ्रंट की सुंदरता उनको आकर्षित करेगी। इस मौके पर भाजपा के उत्तर पूर्वी जिलाध्यक्ष मोहन गोयल, उपाध्यक्ष दिनेश धामा, महामंत्री डा. यूके चौधरी, सुशील चौधरी, विधायक अजय महावर, आनंद त्रिवेदी, राम नरेश पाराशर, वीरेंद्र खंडेलवाल, मंडल अध्यक्ष मुकेश गोयल, दिल्ली विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता अनुज कुमार आदि मौजूद रहे।

भव्य प्रवेश द्वार होगा

रिवर फ्रंट का प्रवेश द्वार भव्य होगा। इसी द्वार के पास लोगों को जानकारी देने के लिए एक इन्फार्मेशन सेंटर बनाया जाएगा। लोगों को रिवर फ्रंट की सैर करने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, उसके लिए दिशा सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे। हर तरह के पेड इसमें लगेंगे, जिससे पर्यावरण को भी लाभ मिलेगा। एनजीटी द्वारा गठित समिति इस परियोजना की निगरानी करेगी।

chat bot
आपका साथी