Delhi Kisan Andolan : जंतर मंतर पर चल रहे 'किसान संसद' की कमान संभालेंगी महिलाएं

Delhi Kisan Andolan सिंघु बॉर्डर से 200 महिला किसान प्रदर्शन के लिए जंतर मंतर पहुंचेंगी और वहां किसान संसद के जरिए अपनी बात देश की जनता तक पहुंचाएंगी। इसके लिए संयुक्त किसान मोर्चे की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं।

By Jp YadavEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 08:40 AM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 08:40 AM (IST)
Delhi Kisan Andolan : जंतर मंतर पर चल रहे 'किसान संसद' की कमान संभालेंगी महिलाएं
Delhi Kisan Andolan : जंतर मंतर पर चल रहे 'किसान संसद' की कमान संभालेंगी महिलाएं

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली में जंतर-मंतर पर चल रही किसान संसद की कमान सोमवार को महिलाएं ही संभालेंगी, जिसमें 200 महिला किसान शामिल होंगी। किसान संसद में शुक्रवार की कार्यवाही संसद के कामकाज की तरह ही हुई, जिसका मानसून सत्र चल रहा है। बता दें कि दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने जंतर मंतर पर अधिकतम 200 किसानों को अगले महीने 9 अगस्त तक प्रदर्शन की विशेष अनुमति दी है। वहीं, ‘किसान संसद’ पर केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का कहना है कि संसद तो एक ही होती है जिसे जनता चुनकर भेजती है। उन्होंने एक बार फिर कहा कि किसानों को आंदोलन का रास्ता छोड़कर बातचीत का रास्ता अपनाना चाहिए।

दिल्ली-एनसीआर के बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन के सोमवार को 8 महीने पूरे हो गए हैं। इस अवसर को यादगार बनाने के लिए ही सोमवार को जंतर मंतर पर एक बेहद खास महिला किसान संसद आयोजित की जा रही है। इसकी अगुवाई देशभर से आईं महिला किसानों के द्वारा की जा रही है। इसके तहत सिंघु बॉर्डर से 200 महिला किसान प्रदर्शन के लिए जंतर मंतर पहुंचेंगी और वहां किसान संसद के जरिए अपनी बात देश की जनता तक पहुंचाएंगी। इसके लिए संयुक्त किसान मोर्चे की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं।

केंद्र से बातचीत के लिए पहल करेगी राष्ट्रीय किसान समन्वय समिति

राष्ट्रीय किसान समन्वय समिति तीन कृषि सुधार कानूनों में समुचित बदलाव को लेकर केंद्र सरकार से वार्ता के लिए पहल करेगी। समन्वय समिति से 22 प्रदेशों में 100 से अधिक किसान संगठन जुड़े हैं। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष दशरथ कुमार की अध्यक्षता में हुई किसान संगठनों की वर्चुअल बैठक में यह निर्णय लिया गया है। हरियाणा किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष डीके शर्मा ने बताया कि समिति 26 जनवरी की घटना के बाद संयुक्त किसान मोर्चा से अलग हो कानूनों का विरोध कर रही थी। समिति से जुड़े संगठन आंदोलन को लंबा खींचने, इसमें राजनीति करने और केंद्र सरकार से वार्ता के दरवाजे बंद करने से सहमत नहीं है। इससे किसानों का नुकसान हो सकता है।

पंजाब किसान यूनियन के अध्यक्ष 15 दिन के लिए निलंबित

पंजाब किसान यूनियन के अध्यक्ष रल्दू सिंह मानसा को संयुक्त किसान मोर्चा से 15 दिन के लिए निलंबित कर दिया गया है। रविवार को पंजाब के 32 किसान जत्थेबंदियों और इसके बाद संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक में यह निर्णय लिया गया। मोर्चा के नेताओं ने बताया कि 21 जुलाई को मानसा ने मोर्चा के मंच से भड़काऊ और किसान जत्थेबंदियों की नीति के खिलाफ भाषण दिया था। पंजाब के 32 किसान जत्थेबंदियों की बैठक की अध्यक्षता हरेंद्र सिंह लखोवाल ने और संयुक्त किसान मोर्चा की जगजीत सिंह डल्लेवाल ने की। इसके चलते रल्दू सिंह के खिलाफ कार्रवाई का निर्णय लिया गया है।

chat bot
आपका साथी