Monsoon Rain 2021: दिल्ली-एनसीआर में क्यों देरी से आ रहा है मानसून? IMD ने दी ताजा जानकारी

Monsoon Rain 2021 प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) दिल्ली के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव के मुताबिक दिल्ली में 26 जून को हल्की बारिश हो सकती है लेकिन इसे भी मानसून की दस्तक नहीं कहा जाएगा। मानसून के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा।

By Jp YadavEdited By: Publish:Wed, 23 Jun 2021 06:45 AM (IST) Updated:Wed, 23 Jun 2021 02:50 PM (IST)
Monsoon Rain 2021: दिल्ली-एनसीआर में क्यों देरी से आ रहा है मानसून? IMD ने दी ताजा जानकारी
Monsoon Rain 2021: दिल्ली-एनसीआर में क्यों देरी से आ रहा है मानसून? IMD ने दी ताजा जानकारी

नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। लगातार बदल रही मौसमी परिस्थितियों के बीच दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में मानसून का इंतजार लंबा होता जा रहा है, जबकि कुछ जगह मानसून तय समय से भी पहले पहुंच रहा है। प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) दिल्ली के मुताबिक, इस बार जहां मानसून में देरी हो रही है वहीं पूर्वी, मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत के आसपास के इलाकों में यह तय समय से पहले पहुंच रहा है। मानसून सात से 10 दिनों तक बना रहेगा। फिर सात दिनों बाद शेष इलाकों में बरसने को तैयार रहेगा। आरएमसी प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव के मुताबिक दिल्ली में 26 जून को हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन इसे भी मानसून की दस्तक नहीं कहा जाएगा।

बढ़ता गया इंतजार

इससे पहले मौसम विभाग ने मानसून के 12 दिन पहले यानि 15 जून तक दिल्ली में पहुंचने की संभावना जताई थी। फिर अनुमान था कि दिल्ली में मानसून 22 जून तक दस्तक दे देगा। लेकिन, अब एक बार फिर मौसमी परिस्थितियों की वजह से बारिश को लेकर इंतजार बढ़ गया है। स्काइमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत के अनुसार मौसमी परिस्थितियों को देखते हुए दिल्ली में इस माह के अंत तक मानसून आने की संभावना है। आमतौर पर दिल्ली में 27 जून तक मानसून दस्तक दे देता है, लेकिन इस बार पश्चिमी दिशा से जारी हवाओं के कारण मानसून में देरी हो रही है।

40 पार कर गया पारा

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 39.8 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 31 से 81 फीसद रहा। दिल्ली के कई इलाकों में अधिकतम पारा 40 डिग्री पार कर गया। पालम में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस, लोदी रोड में 40.1, आयानगर में 40.6 और पीतमपुरा में 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आगे राहत के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक दिल्ली में अधिकतम पारा 40 और न्यूनतम 28-29 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। इसके अगले दो दिनों तक तेज हवा चलने की संभावना है। इसके बाद हल्की बारिश दर्ज हो सकती है।

ये भी पढ़ेंः जानें घर पर कैसे करें खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच, दूध, चीनी व खाद्य तेल जांच करने का ये है तरीका

दिल्ली सरकार अब नहीं देगी मुफ्त राशन, 72 लाख लोगों को अगले माह से चुकाने होंगे पैसे

एयर क्वालिटी बुलेटिन

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर क्वालिटी बुलेटिन के मुताबिक मंगलवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 127 दर्ज किया गया। फरीदाबाद का 116, गाजियाबाद 137, ग्रेटर नोएडा 116, गुरुग्राम 109 व नोएडा 127 रहा।

ये भी पढ़ेंः Delhi Nursery Admission 2021: सरकारी स्कूलोें में 28 जून से शुरू होगा दाखिला, जानिए एडमिशन से जुड़ी जरुरी बातें

chat bot
आपका साथी