Red Light On, Gaadi Off: पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने दिया गुलाब तो कार सवार ने कहा कि हम आप के साथ हैं

जिन 100 चौराहों पर पर्यावरण मार्शल खड़े थे वहां वे लालबत्ती पर वाहन स्टार्ट कर खड़े लोगों को गुलाब का फूल देकर हाथ जोड़कर विनती करते कि अपने वाहन को बंद कर लें। पहले दिन दिल्ली भर में अभियान का मिलाजुला असर देखा गया।

By Edited By: Publish:Wed, 21 Oct 2020 11:10 PM (IST) Updated:Thu, 22 Oct 2020 12:39 PM (IST)
Red Light On, Gaadi Off: पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने दिया गुलाब तो कार सवार ने कहा कि हम आप के साथ हैं
पर्यावरण मंत्री गोपाल राय कार सवार को गुलाब का फूल देते हुए।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। आइटीओ पर जब पर्यावरण मंत्री गोपाल राय कार में बैठे व्यक्ति को गुलाब का फूल देने के लिए आगे बढ़े तो उन्हें देखकर कार में बैठे व्यक्ति ने फूल लेकर कहा कि हम आप के साथ हैं। मंत्री ने कहा कि प्रदूषण कम करना हम सब की जिम्मेदारी है और आप लालबत्ती पर अपनी कार जरूर बंद करें। बुधवार से 'युद्ध प्रदूषण के विरुद्ध' अभियान के तहत रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ अभियान की शुरुआत करने मंत्री पहुंचे तो इस लालबत्ती पर अभियान का काफी असर दिखा। सड़क के दोनों ओर हाथ में प्ले कार्ड लेकर खड़े पर्यावरण मार्शल को देखकर वाहन चालक अपना वाहन बंद कर लेते और प्ले कार्ड पर लिखा संदेश पढ़ते।

पहले दिन दिल्ली भर में अभियान का मिलाजुला असर देखा गया। जिन 100 चौराहों पर पर्यावरण मार्शल खड़े थे वहां वे लालबत्ती पर वाहन स्टार्ट कर खड़े लोगों को गुलाब का फूल देकर हाथ जोड़कर विनती करते कि अपने वाहन को बंद कर लें। बाहरी दिल्ली अभियान के पहले दिन बाहरी दिल्ली की कई लालबत्तियों पर सिविल डिफेंस के वालंटियर्स (पर्यावरण मार्शल) नजर नहीं आए। रोहिणी के मधुबन चौकपर करीब 20 वालंटियर्स वाहन चालकों को अभियान की जानकारी दे रहे थे। कुछ वाहन चालकों ने अपनी गाड़ी बंद कर ली थी तो वही कुछ ने वालंटियर्स की अपील के बाद गाड़ी बंद की। वाहन चालकों ने भी माना इस अभियान से ईधन की बचत होगी इसके साथ ही प्रदूषण पर भी लगाम लगेगी।

श्चिमी दिल्ली अभियान के पहले दिन इलाके में सिविल डिफेंस वालंटियर्स सुस्त नजर आए। सुबह आठ बजे अधिकतर चौराहे पर वालंटियर्स नदारद रहे। सुबह 11 बजे के बाद मधु विहार, द्वारका सेक्टर एक रेड लाइट पर कुछ सिविल डिफेंस वालंटियर्स वाहन चालकों को जागरूक करते हुए दिखाई दे रहे थे। हालांकि वाहन चालक इस अभियान की प्रशंसा करते हुए कह रहे थे कि इस अभियान को नियमित चलाया जाए, जिससे कि प्रदूषण पर कुछ हद तक लगाम लगे।

वहीं, दक्षिणी दिल्ली चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के नीचे जिला प्रशासन के कर्मी और सिविल डिफेंस कर्मचारियों ने गुलाब का फूल देकर लोगों से रेड सिग्नल पर गाड़ी बंद रखने की अपील की। इस दौरान आइआइटी रेड लाइट पर भी बैनर और पोस्टर लेकर वे लोगों से गाड़ी बंद रखने की अपील करते हुए दिखाई दिए। पूर्वी दिल्ली यमुनापार में अभियान का असर दिखा। यहां जगह-जगह लालबत्ती पर सिविल डिफेंस के वालंटियर्स का एक समूह हाथों में बैनर लेकर वाहन चालकों को जागरूक कर रहा था, वहीं दूसरा समूह लालबत्ती पर रुके हुए वाहन चालकों को गुलाब का फूल देकर इंजन बंद करने का आह्वान कर रहा था। इसी क्रम में यमुनापार के शास्त्री पार्क, सीलमपुर, विवेक विहार, भजनपुरा, लक्ष्मी नगर विकास मार्ग, मयूर विहार फेज-दो, त्रिलोकपुरी, वसुंधरा एंक्लेव सहित अन्य क्षेत्र के चौराहे व लालबत्ती पर यह अभियान चलाया गया। साथ ही वाहन चालकों ने भी अभियान का पालन किया।

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

chat bot
आपका साथी