Weather update Delhi NCR: छाए रहेंगे बादल, जानिए क्या हैं दिल्‍ली-NCR में बारिश के आसार

सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है लेकिन इससे तापमान में गिरावट आने के कोई आसार नहीं हैं।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Sun, 05 Apr 2020 11:09 PM (IST) Updated:Mon, 06 Apr 2020 07:07 AM (IST)
Weather update Delhi NCR: छाए रहेंगे बादल, जानिए क्या हैं दिल्‍ली-NCR में बारिश के आसार
Weather update Delhi NCR: छाए रहेंगे बादल, जानिए क्या हैं दिल्‍ली-NCR में बारिश के आसार

नई दिल्ली (संजीव गुप्‍ता)। weather update: पश्चिमी विक्षोभों के कारण बार बार आते रहे उतार चढ़ावों के बीच अब दिल्ली में गर्मी जोर पकड़ रही है। रविवार को तो अधिकतम पारा 34 डिग्री सेल्सियस पार कर गया। इस मौसम में पहली बार इतना अधिक पारा रहा। हालांकि, सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन इससे तापमान में गिरावट आने के कोई आसार नहीं हैं।

मौसम में पहली बार अधिकतम पारा 34 डिग्री पार

रविवार को दिल्ली का अधिकतम पारा सामान्य स्तर पर 33.6 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम पारा सामान्य से दो डिग्री कम 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 38 से 82 फीसद रहा। आया नगर 34.6 और पालम 34.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। इस मौसम में पहली बार अधिकतम पारा 34 डिग्री पार हुआ है।

छाएंगे आंशिक बादल

मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने की भी संभावना है। लेकिन, बारिश के कोई आसार नहीं हैं। गर्मी ऐसी ही रहेगी। अधिकतम पारा 34 और न्यूनतम पारा 18 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।

20 अप्रैल तक पहुंचेगा 40 डिग्री

उधर स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि अब तापमान और गर्मी में लगातार इजाफा होगा और 20 अप्रैल तक यह 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा।

रविवार को एक बार फिर बढ़ा दिल्ली एनसीआर का प्रदूषण स्तर

लॉकडाउन के दौरान भी लोग अलग अलग कारणों से घर से बाहर निकलने से बाज नहीं रहे हैं इसीलिए सड़कों पर निजी वाहन दौड़ते नजर आने लगे हैं। शायद इसीलिए रविवार को दिल्ली एनसीआर में प्रदूषण का स्तर एक बार फिर बढ़ गया। अभी तक एयर इंडेक्स 100 से नीचे अच्छी श्रेणी में चल रहा था जबकि रविवार को गुरुग्राम और नोएडा को छोड़कर सभी जगह यह 100 से ऊपर यानी सामान्य श्रेणी में पहुंच गया।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर बुलेटिन के अनुसार रविवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 102 दर्ज किया गया। एनसीआर के शहरों में फरीदाबाद का 117, गाजियाबाद का 134, ग्रेटर नोएडा का 101, गुरुग्राम का 91 और नोएडा का 84 दर्ज किया गया। गुरुग्राम और नोएडा की हवा अच्छी जबकि दिल्ली, फरीदाबाद, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा की हवा सामान्य श्रेणी में दर्ज की गई।

chat bot
आपका साथी