Tihar Jail News: एशिया की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली दिल्ली की तिहाड़ जेल में फिर भिड़े दो कैदी

Tihar Jail News देश की राजधानी दिल्ली की तिहाड़ जेल में झड़प के दौरान नुकीले हथियार का इस्तेमाल किया गया। इस बीच एक कैदी की हालत गंभीर होने पर उसे उपचार के लिए डीडीयू अस्पताल ले जाना पड़ा।

By Jp YadavEdited By: Publish:Tue, 21 Sep 2021 10:07 AM (IST) Updated:Tue, 21 Sep 2021 10:07 AM (IST)
Tihar Jail News: एशिया की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली दिल्ली की तिहाड़ जेल में फिर भिड़े दो कैदी
Tihar Jail News: एशिया की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली दिल्ली की तिहाड़ जेल में फिर भिड़े दो कैदी

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। पश्चिमी दिल्ली स्थित तिहाड़ जेल संख्या तीन में शनिवार रात एक बार फिर दो कैदियों के बीच झड़प हो गई। झड़प के दौरान नुकीले हथियार का इस्तेमाल किया गया। एक कैदी की हालत गंभीर होने पर उसे उपचार के लिए डीडीयू अस्पताल ले जाना पड़ा। जेल प्रशासन का कहना है कि जेल संख्या तीन में आए दिन हो रही झड़प को देखते हुए कुछ कदम उठाए जा रहे हैं। जिन कैदियों का बर्ताव सही नहीं है, पहले उनके वार्ड बदले जाएंगे। यदि स्थिति फिर भी नहीं सुधरी तो जेल बदल दिया जाएगा। इसी तरह ऐसे जेलकर्मियों को चिन्हित किया जा रहा है, जो अपनी डयूटी सही तरीके से नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे कर्मियों का प्रशासन तबादला कर रहा है। यदि जरूरत पड़ी कार्रवाई भी की जाएगी।

जेल अधिकारियों का कहना है कि जेल संख्या तीन में सीसीटीवी कैमरे लग चुके हैं। इसका असर भी सामने आ रहा है। मारपीट की कुछ घटनाएं कैमरे में भी कैद हुईं, जिसपर कार्रवाई हुई। इससे कैदियों को लगने लगा है कि अब जेल में यदि वे कुछ भी गैर कानूनी कार्य करेंगे तो प्रशासन उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा। बता दें, जेल संख्या तीन में अंकित गुर्जर की हत्या के बाद से ही लगातार झड़पें हो रही हैं। इस दौरान कई कैदी घायल भी हो चुके हैं।

उधर, तिहाड जेल में बंद गोगी गैंग के गैंगस्टर ने ही शुक्रवार को मोहम्मदपुर गांव में तिहाड़ जेल के सहायक अधीक्षण के घर के बाहर गोली चलवाई थी। यह फायरिंग चेतावनी देने के लिए करवाई गई थी कि अगर तिहाड़ जेल में बंद गोगी गैंग के गैंगस्टरों पर कोई आंच आई या उन्हें डाटा गया तो जेल अधिकारियों के परिवार भी उनके निशाने पर आ सकते हैं। फिलहाल तीन दिन बाद भी पुलिस फायरिंग करने वाले आरोपितों को गिरफ्तार कर नहीं पाई है।

पुलिस अधिकारी के अनुसार इस वारदात के पीछे मुकेश नाम के घोषित बदमाश का हाथ सामने आया है। अभी तक की जांच में सामने आया है कि जेल में गोगी गिरोह का शार्प शूटर प्रदीप को बीते दिनों सहायक अधीक्षण सुमित ने डांट दिया था। माना जा रहा है कि प्रदीप ने ही मुकेश से फायरिंग कराई थी।

बता दें कि शुक्रवार दोपहर को सहायक अधीक्षण सुमित के घर पर दो बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी थी। उस समय उनके पिता व माता घर पर थे। उनके पिता देवराज के अनुसार शुक्रवार दोपहर को उनके घर के बाहर तीन राउंड फायरिंग की गई थी। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में बदमाश कैद हो गए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार इनमें से एक आरोपित की पहचान मुकेश नाम के घोषित बदमाश के रूप में हुई है। वहीं, दूसरे ने हेलमेट पहन रखा था।

chat bot
आपका साथी