Delhi Crime News: ढाबा कर्मियों ने दो युवकों पर किया जानलेवा हमला, 2 आरोपित गिरफ्तार

डीसीपी मध्य जिला संजय भाटिया के मुताबिक घटना बीते शुक्रवार की रात करीब 10 बजे की है। हवलदार दामोदर व सिपाही विजय इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी बीच उन्होंने देखा कि कुछ लोग दो युवकों की बुरी तरह से पीट रहे हैं।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Mon, 28 Sep 2020 02:41 PM (IST) Updated:Mon, 28 Sep 2020 02:41 PM (IST)
Delhi Crime News: ढाबा कर्मियों ने दो युवकों पर किया जानलेवा हमला, 2 आरोपित गिरफ्तार
युवकों की पिटाई करने वाले दो लोग गिरफ्तार

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। आनंद पर्वत थानाक्षेत्र में ढाबे पर खाना देने में देरी होने पर दो युवकों का ढाबे के कर्मचारियों के साथ विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि ढाबा कर्मचारियों ने लाठी-डंडे और चाकू से युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया। इसी बीच गश्त कर रहे दो पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए, जिन्होंने दोनों युवकों की जान बचा ली। इसके साथ ही दो हमलावरों को भी गिरफ्तार कर लिया है।

डीसीपी मध्य जिला संजय भाटिया के मुताबिक घटना बीते शुक्रवार की रात करीब 10 बजे की है। हवलदार दामोदर व सिपाही विजय इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी बीच उन्होंने देखा कि कुछ लोग दो युवकों की बुरी तरह से पीट रहे हैं और वह जान बख्श्ने की गुहार लगा रहे थे। उन्हें देख हमलावर भागने लगे, लेकिन पुलिस कर्मियों ने दो आरोपितों को दबोच लिया। वहीं घायल युवकों को एक कार सवार की मदद से अस्पताल पहुंचाया। जांच में पता चला है कि पीड़ित युवक गौरव और प्रेम सागर आनंद पर्वत के रहने वाले हैं। शुक्रवार की रात दोनों खाना लेने के लिए ढाबे पर गए थे। वहां खाना देने में देरी होने पर उनकी ढाबा चला रहे नीलेश और आकाश से कहासुनी हो गई।

आरोप है कि गौरव और प्रेम सागर जब खाना लेकर घर लौटने लगे तभी नीलेश और आकाश ने अपने कर्मचारियों के साथ उन पर हमला कर दिया। गिरफ्तार किए गए आरोपितों के नाम नीलेश और आकाश है। दोनों सगे भाई हैं और श्रीराम ढाबा चलाते हैं। पुलिस ने आरोपितों के पास से एक बड़ा चाकू भी बरामद कर लिया है। फरार चार अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। उधर पुलिसकर्मियों द्वारा जान बचाने पर घायलों के परिजनों ने उनकी तारीफ की है। उन्होंने कहा कि अगर समय पर पुलिस नहीं पहुंचती तो कोई भी अप्रिय घटना घट सकती थी। वहीं युवकों की जान बचाने वाले आनंद पर्वत थाने के हवलदार दामोदर व सिपाही विजय को डीसीपी ने सम्मानित करने का निर्णय लिया है।

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

chat bot
आपका साथी