Delhi Budget 2021: पूर्वी दिल्ली के अप्सरा बॉर्डर से आनंद विहार की राह होगी आसान, बजट में हो सकता बड़ा एलान

Delhi Budget 2021-22 उत्तरी पूर्वी दिल्ली से आनंद विहार बस अड्डे और रेलवे स्टेशन तक लोगों की आवाजाही को और आसान करने के लिए अप्सरा बॉर्डर से आनंद विहार जाने वाले मुख्य मार्ग को सिग्नल फ्री किया जाएगा।

By JP YadavEdited By: Publish:Sat, 27 Feb 2021 10:28 AM (IST) Updated:Sat, 27 Feb 2021 11:52 AM (IST)
Delhi Budget 2021: पूर्वी दिल्ली के अप्सरा बॉर्डर से आनंद विहार की राह होगी आसान, बजट में हो सकता बड़ा एलान
इस योजना पर 380 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

नई दिल्ली [वीके शुक्ला]। मार्च में पेश होने जा रहा वर्ष 2021-22 का बजट पूर्वी दिल्ली के अप्सरा बॉर्डर से आनंद विहार की राह आसान करेगा। बजट में इस परियोजना के लिए राशि निर्धारित होने की पूरी उम्मीद है। इससे अगले वित्त वर्ष में फ्लाईओवर बनाने का काम शुरू हो सकेगा। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) इस परियोजना पर काम करेगा। यहां फ्लाईओवर बन जाने से लोगों को अप्सरा बार्डर से आनंद विहार तक जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा।

क्या है योजना

उत्तरी पूर्वी दिल्ली से आनंद विहार बस अड्डे और रेलवे स्टेशन तक की आवाजाही आसान करने के लिए अप्सरा बॉर्डर से आनंद विहार जाने वाले मुख्य मार्ग को सिग्नल फ्री किया जाएगा। इस मार्ग पर स्थित दो लालबत्तियों के ऊपर छह लेन का दोतरफा फ्लाईओवर बनाया जाएगा, जिसकी लंबाई दो किलोमीटर की होगी। इस योजना पर 380 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

ये लालबत्तियां होंगी सिग्नल फ्री

पीडब्ल्यूडी ने विवेक विहार और सूर्यनगर तथा रामप्रस्थ के सामने दिल्ली के क्षेत्र में लालबत्तियों पर फ्लाईओवर का प्रारूप तैयार किया है। फ्लाईओवर बन जाने पर लालबत्तियां हट जाएंगी। अप्सरा बॉर्डर से गाजीपुर चौराहे तक यातायात सिग्नल मुक्त बनाया जाएगा। प्रस्तावित छह लेन का यह फ्लाईओवर दक्षिण की ओर श्रेष्ठ विहार जंक्शन के पहले शुरू होगा और उत्तर की ओर विवेक विहार चौराहे को पार करने के बाद समाप्त होगा। श्रेष्ठ विहार चौराहे और रामप्रस्थ चौराहे के निकट इस एलिवेटेड कॉरिडोर को जोड़ने के लिए उतार-चढ़ाव वाले रैंप बनाए जाएंगे। इसके निर्माण के बाद विवेक विहार, रामप्रस्थ कॉलोनी और आनंद विहार सहित अन्य समीपवर्ती आवासीय कॉलोनियों का स्थानीय यातायात भी सुगम बनेगा।

किस-किस एजेंसी से परियोजना को मिल चुकी है अनुमति

लोक निर्माण विभाग ने परियोजना का प्रारूप तैयार कर दिया है। इसे यूटिपेक यानी यूनिफाइड ट्रैफिक एंड ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर (प्लानिंग एंड इंजीनियरिंग) सेंटर से सितंबर में उपराज्यपाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में मंजूरी दे दी गई है। इसके बाद इस प्रारूप को दिल्ली अर्बन आर्ट कमीशन में भेजा गया था। वहां से भी इसे स्वीकृति मिल चुकी है। पीडब्ल्यूडी ने वित्तीय अनुमति के लिए इसे दिल्ली सरकार की खर्च एवं वित्त समिति में भेज दिया है। बजट पेश होने के बाद इस परियोजना को इस समिति से अनुमति मिलने की उम्मीद है।

जल्द शुरू होगा परियोजना पर काम

यह प्रस्तावित फ्लाईओवर दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष रामनिवास गोयल के विधानसभा क्षेत्र में आता है। गोयल लोक निर्माण विभाग और दिल्ली सरकार पर योजना पर काम जल्द शुरू करने के लिए दबाव बनाए हुए हैं। गोयल ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण परियोजना है। सभी प्रमुख एजेंसियों से इसे अनुमति मिल चुकी है। कोरोना काल के चलते इस पर काम शुरू नहीं हो सका। अगले वित्त वर्ष में इस पर काम शुरू होने की पूरी उम्मीद है।

गौरतलब है कि आनंद विहार में अंतरराज्यीय बस अड्डा और रेलवे स्टेशन होने के कारण यहां से जुड़ने वाले मार्गो पर यातायात का दबाव काफी बढ़ चुका है। आनंद विहार स्टेशन पर ट्रेनों की संख्या बढ़ने से यात्रियों की संख्या भी बढ़ रही है। पूर्वोत्तर के लिए कई ट्रेनें आनंद विहार से ही चलती हैं, लेकिन उत्तर पूर्वी दिल्ली से यहां पहुंचने के लिए आज भी लोगों को लालबत्तियों के फेर से जाम में फंसना पड़ता है। अप्सरा बॉर्डर से आनंद विहार के बीच दो बड़ी लालबत्तियां पड़ती हैं।

chat bot
आपका साथी