Lockdown: दिल्ली-NCR की सीमाओं पर पुलिस ने बढ़ाई सख्ती, कई जगहों पर लगा जाम

नोएडा गाजियाबाद गुरुग्राम और फरीदाबाद की सीमाओं पर वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। सिर्फ जरुरी सेवाओं वालों को ही आने-जाने की छूट है। पुलिस कर्फ्यू पास और आईडी कार्ड देखकर ही दिल्ली में एंट्री की इजाजत दे रही है।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Tue, 20 Apr 2021 01:21 PM (IST) Updated:Tue, 20 Apr 2021 01:21 PM (IST)
Lockdown: दिल्ली-NCR की सीमाओं पर पुलिस ने बढ़ाई सख्ती, कई जगहों पर लगा जाम
वाहनों की जाँच के कारण कनॉट प्लेस पर ट्रैफ़िक जाम

नई दिल्ली, जेएनएन। राजधानी दिल्ली में छह दिन के लिए लगे लॉकडाउन के बाद दिल्ली और दिल्ली से सटे एनसीआर की सीमाओं पर पुलिस ने सख्ती कड़ी कर दी है। नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद की सीमाओं पर वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। सिर्फ जरुरी सेवाओं वालों को ही आने-जाने की छूट है। पुलिस कर्फ्यू पास और आईडी कार्ड देखकर ही दिल्ली में एंट्री की इजाजत दे रही है।

पुलिस की जांच की वजह से कई जगहों पर जाम भी लग गया। दिल्ली के रजोकरी बार्डर पर लगे पुलिस नाके पर चेकिंग के दौरान दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस वे जाम लग गया।

दिल्ली में लॉकडाउन के मद्देनजर पुलिस की तरफ से वाहनों की जांच के कारण कनॉट प्लेस में ट्रैफ़िक जाम लग गया। इसकी वजह से वाहन चालकों को परेशानी का भी सामना करना पड़ा।

दिल्ली में लगे लॉकडाउन के कारण नोएडा से दिल्ली जा रहे हैं वाहनों की जांच की जा रही है। इस वजह से दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर भी वाहनों की लंबी कतारें लग गई।

पूर्वी दिल्ली के दुर्गापुरी चौक के पास पुलिस बैरिकेड्स लगाकर जांच कर रही है। पुलिसकर्मी ऐसे लोगों को हिरासत में ले रही है जो बिना किसी ज़रूरत के बाहर घूम रहे थे, इन्हें डीटीसी की बस में बैठाया जा रहा है। करीब 20 लोग पुलिस हिरासत में हैं।

 वहीं, दिल्ली के द्वारका सेक्टर- 24 में कर्फ्यू के दौरान वाहनों की जांच पुलिस कर्मी कर रहे हैं। बिना पास के लोगों को नहीं जाने दिया जा रहा है।

वहीं दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने रेलवे स्टेशनों व बस अड्डों पर उमड़ रही भीड़ पर चिंता जताई है। उन्होंने मुख्य सचिव से हर संभव कदम उठाने का निर्देश दिया है। अनिल बैजल ने प्रवासी कामगारों से दिल्ली नहीं छोड़ने की अपील की। उन्होंने प्रवासी कामगारों की जरूरतों का ख्याल रखने के लिए मदद का आश्वासन दिया।

बता दें कि सोमवार को लॉकडाउन की घोषणा के साथ ही जरूरी सामान की खरीदारी के लिए लोग बाजारों में उमड़ पड़े। जिसके चलते पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक, चावड़ी बाजार, खारी बावली, नया बाजार, लाहौरी गेट और मटिया महल जैसे बाजारों में देर शाम तक भीड़ देखी गई। दरअसल, मंगलवार को नवरात्र की अष्टमी पूजा के साथ ही रमजान का महीना भी चल रहा है। ऐसे में लोग परिधानों के साथ ही अन्य जरूरी सामान की खरीदारी लोग जल्द से जल्द से कर लेना चाह रहे थे, लेकिन अचानक लॉकडाउन की घोषणा उनकी पूरी योजना गड़बड़ा दी। एकदम से लॉकडाउन के एलान से अचानक बाजारों में भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ के चलते खारी बावली, मटिया महल और नया बाजार इलाके में घंटों जाम की समस्या रहीं। इसी तरह की भीड़ करोलबाग, तुर्कमान गेट व दरियागंज जैसे बाजारों में भी देखने को मिली।

chat bot
आपका साथी