नोएडा: बाल सुधार गृह से तीन किशोर फरार, शौचालय की जाली को तोड़कर निकले बाहर

नोएडा स्थित राजकीय बाल सुधार गृह के कर्मचारियों की लापरवाही का फायदा उठाते हुए तीन किशोर फरार हो गए। तीनों को चार दिन पहले ही बाल सुधार गृह में लाया गया था।

By Edited By: Publish:Mon, 17 Sep 2018 10:30 PM (IST) Updated:Tue, 18 Sep 2018 05:19 PM (IST)
नोएडा: बाल सुधार गृह से तीन किशोर फरार, शौचालय की जाली को तोड़कर निकले बाहर
नोएडा: बाल सुधार गृह से तीन किशोर फरार, शौचालय की जाली को तोड़कर निकले बाहर

नोएडा (जेएनएन)। दिल्ली से सटे नोएडा राजकीय बाल सुधार गृह के कर्मचारियों की लापरवाही का फायदा उठाते हुए रविवार को तीन किशोर फरार हो गए। तीनों चार दिन पहले ही बाल सुधार गृह में आए थे। यहां प्रथम तल पर रह रहे तीनों किशोर शौचालय की जाली को तोड़कर बाहर निकले और पाइप पकड़ कर नीचे उतर गए। तीनों के भागने की सूचना पर हड़कंप मच गया।

पकडे गए दो किशोर
कई घंटे की तलाश के बाद दो किशोरों को जेवर कस्बा स्थित उनके घर से बरामद कर लिया गया, जबकि तिगरी का रहने वाला किशोर अब भी फरार है। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने केयर टेकर राम श्रृंगार यादव और राजेंद्र कुमार के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए फेस-2 कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। फेस-2 स्थित बाल सुधार गृह में करीब 130 किशोरों को रखा गया है। रविवार सुबह बाल सुधार गृह में केयर टेकर राम श्रृंगार यादव और राजेंद्र कुमार ड्यूटी पर थे।

शौचालय के रास्ते भागे
सुबह सभी बच्चों ने साथ में नाश्ता किया और अपने कमरे में चले गए। बताया जा रहा है कि करीब 10 बजे प्रथम तल पर रह रहे तीनों किशोरों ने शौचालय में घुस कर दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद शौचालय की खिड़की में लगी जाली तोड़ दी। जगह बनाने के लिये कुछ ईंटें भी उखाड़ दीं। इसके बाद एक-एक करके तीनों बाहर निकले। खिड़की के पास से ही छत का पानी नीचे डालने के लिये पाइप लगा है। तीनों उस पाइप के सहारे नीचे उतरे और फरार हो गए।

लंच के दौरान मिली जानकारी
तीन किशोरों के फरार होने की जानकारी लंच के दौरान मिली। दोपहर करीब एक बजे बाल सुधार गृह के किशोरों को लंच के लिये बुलाया गया। इस दौरान उनकी गिनती होती है। गिनती के दौरान तीन किशोर कम हो गए। उनकी तलाश की गई, लेकिन कहीं पता नहीं चला। इसके बाद सुधार गृह में हड़कंप मच गया और उनकी तलाश शुरू कर दी गई। कर्मचारियों ने गुपचुप तरीके से पुलिस के साथ तीनों किशोरों की तलाश शुरू कर दी। देर शाम जेवर से दो किशोर बरामद हो गए, लेकिन तिगरी निवासी किशोर अभी तक फरार है।

तीनों में थी गहरी दोस्ती
चार दिन में ही तीनों में गहरी दोस्ती हो गई थी। बाल सुधार गृह के कर्मचारियों ने बताया कि फरार चल रहा किशोर तिगरी का रहने वाला है। उस पर बिसरख कोतवाली में छात्रा के साथ छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज है। 13 सितंबर को उसे यहां लाया गया था। जबकि जेवर कस्बे के रहने वाले दोनों किशोरों को लैपटॉप चोरी के आरोप में लाया गया था। तीनों एक ही कमरे में रहते थे और इतने कम दिनों में ही उनके बीच गहरी दोस्ती हो गई।

फरार किशोरों की तलाश जारी 
इस बारे में फेस-2 कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजपाल सिंह तोमर ने कहा कि प्रोबेशन अधिकारी ने तीन किशोरों के भागने के मामले में केयर टेकर राम श्रृंगार यादव और राजेंद्र पर लापरवाही की रिपोर्ट दर्ज कराई है। दो किशोर जेवर से बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक किशोर अभी फरार है। फरार किशोरों की तलाश के लिए पुलिस दबिश दे रही है। 

chat bot
आपका साथी