दिल्ली पुलिस की पकड़ में आए तीन अफ्रीकी ड्रग्स तस्कर, 811 ग्राम हेरोइन बरामद

द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार मीणा ने बताया कि 17 सितंबर को मादक पदार्थ निरोधक दस्ता को जानकारी मिली कि एक महिला मादक पदार्थ की तस्करी में लिप्त है। वह मेन नजफगढ़ रोड स्थित मेट्रो पिलर संख्या 706 के पास आने वाली है जिसे बाद में पकड़ा गया।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Thu, 23 Sep 2021 04:46 PM (IST) Updated:Thu, 23 Sep 2021 04:49 PM (IST)
दिल्ली पुलिस की पकड़ में आए तीन अफ्रीकी ड्रग्स तस्कर, 811 ग्राम हेरोइन बरामद
नाइजीरिया से नेपाल व बांग्लादेश के रास्ते आती थी हेरोइन

नई दिल्ली [गौतम कुमार मिश्रा]। द्वारका जिला पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी करने वाले एक गिरोह के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है जो नाइजीरिया से हेरोइन व अन्य मादक पदार्थ की खेप भारत मंगाता था और यहां नशे के आदी लोगों को बेचता था। मादक पदार्थ की खेप नाइजीरिया से सीधे भारत नहीं पहुंचती थी। तस्कर इसके लिए बांग्लादेश व नेपाल के रास्तों का इस्तेमाल करते थे। गिरफ्तार तस्कर में एक महिला है जो युगांडा की रहने वाली है। वहीं, दो पुरुष नाइजीरिया की रहने वाले हैं। तीनों आरोपितों के कब्जे से पुलिस ने 811 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद किया है। आरोपितों में एंजिला (महिला), इफेडी व उचे शामिल हैं।

द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार मीणा ने बताया कि 17 सितंबर को मादक पदार्थ निरोधक दस्ता को जानकारी मिली कि एक महिला मादक पदार्थ की तस्करी में लिप्त है। वह मेन नजफगढ़ रोड स्थित मेट्रो पिलर संख्या 706 के पास आने वाली है। इसके बाद सब इंस्पेक्टर रोशन लाल व सुभाष चंद के नेतृत्व में टीम वहां पहुंची और लोगों पर नजर रखने लगी। करीब एक घंटे के बाद पुलिस ने यहां एक महिला को पकड़ लिया। इसका नाम एंजेला पता चला।

इसके पास से पुलिस ने 362 ग्राम हेरोइन बरामद की। जब इससे पूछताछ की गई तो पता चला कि यह वर्ष 2017 में मेडिकल वीजा पर भारत आई थी और उत्तम नगर में रहने लगी। यहां इसकी मुलाकात नाइजीरिया के नागरिक इफेदी से हुई। इफेदी पहले से मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त था। इसने प्रलोभन देते हुए इस धंधे में एंजेला को भी शामिल कर लिया। एंजेला का काम ग्राहकों तक हेरोइन की खेप पहुंचाना था। इनके ग्राहक अक्सर चर्च में आते थे।

एंजेला ने पुलिस को इफेदी का मोबाइल नंबर मुहैया करा दिया।  इसके बाद पुलिस ने इफेदी से ग्राहक बनकर संपर्क किया और उसे उत्तम नगर टर्मिनल के पास बुलाया। वह जैसे ही पहुंचा, पुलिस ने उसे दबोच लिया। इसके पास से पुलिस ने 345 ग्राम हेरोइन बरामद किया।

इफेदी से पुलिस को पता चला कि हेरोइन की यह खेप नाइजीरिया के नागरिक उचे से ली गई थी। पता चला कि उचे मादक पदार्थ तस्करी के धंधे में लंबे समय से जुड़ा है। वह कोकीन, हेराेइन व अन्य मादक पदार्थ की आपूर्ति इलाके के तस्कराें को करता है। इसके बाद में पुलिस ने उचे को भी दबोच लिया। इसके पास से पुलिस ने 104 ग्राम हेरोइन बरामद किया। पुलिस के अनुसार तीनों अवैध तरीके से रह रहे थे।

chat bot
आपका साथी