दिल्ली पुलिस के एएसआइ के शव का हुआ पोस्टमार्टम, बुलंदशहर में हुई थी संदिग्ध हालत में मौत

बुलंदशहर के शिकारपुर इलाके में संदिग्ध हालात में कार हादसे में मृत हुए दिल्ली पुलिस के एएसआइ वीरेंद्र का सोमवार को एलबीएस अस्पताल में पोस्टमार्टम हुआ। पुलिस ने पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी करवाई। मौत कैसे हुई इसका पता नहीं चल पाया है।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Tue, 30 Nov 2021 06:33 AM (IST) Updated:Tue, 30 Nov 2021 07:49 AM (IST)
दिल्ली पुलिस के एएसआइ के शव का हुआ पोस्टमार्टम, बुलंदशहर में हुई थी संदिग्ध हालत में मौत
दिल्ली पुलिस के एएसआइ के शव का हुआ पोस्टमार्टम

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। बुलंदशहर के शिकारपुर इलाके में संदिग्ध हालात में कार हादसे में मृत हुए दिल्ली पुलिस के एएसआइ वीरेंद्र का सोमवार को एलबीएस अस्पताल में पोस्टमार्टम हुआ। पुलिस ने पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी करवाई। मौत कैसे हुई इसका पता नहीं चल पाया है। दिल्ली पुलिस कार हादसे को वीरेंद्र की मौत की वजह मान रही है। वहीं मृतक के स्वजन का आरोप है कि वीरेंद्र की हत्या हुई है, जिसे सड़क हादसे में तब्दील करके सिर्फ हादसा बताया जा रहा है।

वीरेंद्र अपने परिवार के साथ फरीदाबाद में रहते थे। मृतक के चचेरे भाई नीरज ने बताया कि 27 नवंबर को वीरेंद्र फरीदाबाद से थाने में ड्यूटी पर आए थे, उस दिन शाम तक उन्होंने परिवार से बात भी की थी। सोमवार सुबह कल्याणपुरी पुलिस ने फोन करके सूचना दी कि वीरेंद्र की मौत हो गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने इस मामले में थाने के सामने फुटपाथ पर रहने वाली महिला व उसके भाई मनोज व एक अन्य को पकड़ा था, उन्होंने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल भी किया था। उन्होंने पुलिस से सवाल किया कि परिवार को सूचना मिली है कि हादसे के वक्त महिला व उसके दो साथी कार मौजूद थे, कार दुर्घटनाग्रस्त हुई है तो गंभीर चोटे सिर्फ वीरेंद्र को ही क्यों लगी। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला के भाई ने वीरेंद्र की हत्या की और हादसे का रूप दिया गया।

दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी इसपर चुप है, उनका कहना है सवालों के जवाब शिकारपुर की पुलिस देगी। बता दें वीरेंद्र शनिवार रात को इमरजेंसी ड्यूटी के दौरान पुलिस अधिकारियों को बिना कुछ बताए अपनी कार से कहीं गए थे, शिकारपुर में संदिग्ध हालात में उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। रविवार सुबह गंभीर हालत में उन्हें बुलंदशहर एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां से उन्हें एलबीएस अस्पताल रेफर किया गया था। यहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।

जिला पुलिस उपायुक्त प्रियंका कश्यप ने कहा कि हादसा शिकारपुर में हुआ है, मामले की जांच उत्तर प्रदेश पुलिस कर रही है। दिल्ली पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया है।

chat bot
आपका साथी