Weather Update: गर्मी ने फरवरी में फिर तोड़ा 15 साल का रिकॉर्ड, मार्च के पहले सप्ताह में बदलेगा मौसम का मिजाज

Weather Update फरवरी की शुरुआत से ही गर्मी लगातार रिकॉर्ड बना रही है। एक दिन पहले बुधवार को भी गर्मी ने 15 वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ा था। इससे पहले 10 फरवरी को 30 डिग्री सेल्सियस के साथ सीजन का सबसे गर्म दिन रहा था।

By JP YadavEdited By: Publish:Fri, 26 Feb 2021 08:47 AM (IST) Updated:Fri, 26 Feb 2021 02:28 PM (IST)
Weather Update: गर्मी ने फरवरी में फिर तोड़ा 15 साल का रिकॉर्ड, मार्च के पहले सप्ताह में बदलेगा मौसम का मिजाज
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री तक पहुंच जाने की संभावना है।

नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। ठंड की विदाई के बीच दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे दिल्ली-एनसीआर में गर्मी धीरे-धीरे बढ़ती जा रही है। आलम यह है कि शुक्रवार सुबह लोग मॉर्निंग वॉक के दौरान टीशर्ट में नजर आए, वहीं दफ्तरों में जाने वाले लोग भी बिना स्वेटर-जैकेट के दिखे। वहीं, फरवरी महीने में ही गर्मी के रिकॉर्ड टूटने का सिलसिला जारी है। सूरज के तल्ख तेवरों के बीच बृहस्पतिवार को 15 वर्ष का सबसे गर्म दिन रहा। इस दौरान अधिकतम तापमान जहां 33 डिग्री पार कर गया, वहीं न्यूनतम तापमान ने भी 13 वर्ष का रिकार्ड तोड़ा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री तक पहुंच जाने की संभावना है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री अधिक 33.2 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। स्पोट्र्स कांप्लेक्स इलाके में अधिकतम तापमान सर्वाधिक 34.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

फरवरी की शुरुआत से ही गर्मी लगातार रिकॉर्ड बना रही है। एक दिन पहले बुधवार को भी गर्मी ने 15 वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ा था। इससे पहले 10 फरवरी को 30 डिग्री सेल्सियस के साथ सीजन का सबसे गर्म दिन रहा था। वहीं, अब लग रहा है 26 फरवरी, 2006 का 34.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान का रिकार्ड भी टूटने जा रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक, फरवरी में इतनी अधिक गर्मी पड़ने की मुख्य रूप से दो वजह हैं। पहला आसमान साफ होना और तेज धूप खिलना। दूसरा, मजबूत पश्चिमी विक्षोभ की कमी होना। अभी अगले कई दिन ऐसी ही स्थिति बने रहने की संभावना है। वहीं, स्काईमेट वेदर के अनुसार मार्च के पहले सप्ताह में एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है। इस दौरान मौसम में हल्की ठंडक रहेगा, लेकिन मार्च के दूसरे सप्ताह से फिर तापमान में तेजी से इजाफा होगा। इस बीच पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

chat bot
आपका साथी