Delhi Air Pollution: हवा की बढ़ी रफ्तार से 'हवा' होने लगा प्रदूषण, आज और सुधार के आसार

केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अधीन वायु गुणवत्ता निगरानी संस्था सफर इंडिया के मुताबिक हवा की रफ्तार अभी पश्चिमी है और इसकी रफ्तार लगातार बढ़ रही है। बृहस्पतिवार को भी यह रफ्तार 15 से 20 कि.मी. प्रति घंटे तक रहने की संभावना है।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Thu, 21 Jan 2021 08:24 AM (IST) Updated:Thu, 21 Jan 2021 08:24 AM (IST)
Delhi Air Pollution: हवा की बढ़ी रफ्तार से  'हवा' होने लगा प्रदूषण, आज और सुधार के आसार
रविवार को प्रदूषण के स्तर में फिर से वृद्धि होने की संभावना है।

नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। दिल्ली- एनसीआर में प्रदूषण खराब और बहुत खराब श्रेणी में बरकरार है। हालांकि तेज हवा के असर से मंगलवार के मुकाबले स्थिति में सुधार हुआ है। बृहस्पतिवार को इसमें और अधिक सुधार होने की संभावना है। यह मध्यम श्रेणी में पहुंच सकता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर क्वालिटी बुलेटिन के अनुसार बुधवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 283 दर्ज किया गया। मंगलवार को यह 404 दर्ज हुआ था। हवा की रफ्तार बढ़ने से रविवार को इसमें 121 अंकों की गिरावट देखने को मिली।

एनसीआर के शहरों में फरीदाबाद का एयर इंडेक्स 207, गाजियाबाद का 336, ग्रेटर नोएडा का 321, गुरुग्राम का 201 और नोएडा का 310 दर्ज किया गया। दिल्ली, फरीदाबाद और गुरुग्राम की हवा खराब जबकि गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा और नोएडा की बहुत खराब रही। शाम पांच बजे दिल्ली की हवा में पीएम 2.5 का स्तर 117 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर जबकि पीएम 10 का स्तर 174 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया।

बता दें कि यह क्रमश: 60 व 100 से अधिक नहीं होना चाहिए। केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अधीन वायु गुणवत्ता निगरानी संस्था सफर इंडिया के मुताबिक हवा की रफ्तार अभी पश्चिमी है और इसकी रफ्तार लगातार बढ़ रही है। बृहस्पतिवार को भी यह रफ्तार 15 से 20 कि.मी. प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। इससे प्रदूषक तत्व उड़ेंगे और एयर इंडेक्स और नीचे आकर मध्यम श्रेणी में पहुंच सकता है। हालांकि शनिवार और रविवार को प्रदूषण के स्तर में फिर से वृद्धि होने की संभावना है।

सांस लेने लायक नहीं जिले की हवा

नोएडा में भी सुबह-शाम ठंड के साथ शीतलहर का प्रकोप जारी है। धूप निकलने के बाद भी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल रही है। उधर, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के तमाम प्रयासों के बावजूद हवा बेहद खराब श्रेणी में है। बुधवार को ग्रेटर नोएडा का एक्यूआइ (एयर क्वालिटी इंडेक्स) 321 और नोएडा में 310 दर्ज किया गया। इससे सांस, दवा व अस्थमा रोगियों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बुधवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहा। जबकि दिनभर हवा 11 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली। नमी का स्तर 85 से 100 फीसद के बीच रहा।

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

chat bot
आपका साथी