दिल्ली भाजपा में नेतृत्व मंथन के परिणाम का इंतजार

आदेश गुप्ता को दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष बने दो माह से ज्यादा हो गए लेकिन वह अबतक अपनी टीम नहीं बना सके हैं।

By Edited By: Publish:Mon, 03 Aug 2020 10:17 PM (IST) Updated:Tue, 04 Aug 2020 12:18 PM (IST)
दिल्ली भाजपा में नेतृत्व मंथन के परिणाम का इंतजार
दिल्ली भाजपा में नेतृत्व मंथन के परिणाम का इंतजार

नई दिल्ली [संतोष कुमार सिंह]। मंडल से लेकर जिले तक भाजपा ने रायशुमारी करा ली। बैठकों का लंबा दौर भी चल रहा है, लेकिन न मंडल अध्यक्षों की सूची सामने आ सकी है और न जिला अध्यक्षों व प्रदेश पदाधिकारियों की घोषणा हुई। कार्यकर्ताओं का इंतजार लंबा होता जा रहा है और नेता बैठक करने में व्यस्त हैं। इससे पार्टी में असमंजस की स्थिति बढ़ रही है। तरह-तरह के कयास भी लग रहे हैं। कहा जा रहा है कि गुटबाजी की वजह से नई टीम की घोषणा में देरी हो रही है। बड़े नेताओं में कई नामों को लेकर सहमति नहीं बन सकी है। आदेश गुप्ता के प्रदेश अध्यक्ष बने दो माह से ज्यादा हो गए, लेकिन वह अबतक अपनी टीम नहीं बना सके हैं।

नई टीम में योग्य नेताओं को जगह मिले इसके लिए पार्टी नेतृत्व ने राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह और महिला मोर्चा की अध्यक्ष विजया रहाटकर को पर्यवेक्षक बनाया है। दोनों नेता प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश संगठन महामंत्री के साथ मिलकर योग्य नेताओं की खोज कर रहे हैं। इसके लिए मंडल व जिला में रायशुमारी भी कराई गई है। प्रत्येक मंडल व जिलों से दावेदारों की लंबी सूची भेजी गई है। वहीं, रायशुमारी की निष्पक्षता पर भी सवाल उठ रहे हैं। कई जिलों के कार्यकर्ता बड़े नेताओं पर रायशुमारी को प्रभावित करने का आरोप लगा रहे हैं। उत्तर पश्चिमी, महरौली व शाहदरा जिले के कार्यकर्ताओं ने इसकी शिकायत भी की है।

मंडल व जिला अध्यक्षों के लिए 45 और 55 वर्ष की आयु सीमा निर्धारित करने से भी कई नेता नाखुश बताए जाते हैं। इस वजह से कई जिलों के अध्यक्षों के नाम पर सहमति नहीं बन सकी है। पार्टी चाहती है कि जिला अध्यक्षों और प्रदेश की टीम पहले घोषित कर दी जाए। जिला अध्यक्षों की सहमति से मंडल अध्यक्षों की घोषणा होनी है, लेकिन न तो जिला अध्यक्ष तय हो पा रहे हैं और न प्रदेश के पदाधिकारी। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि राष्ट्रीय टीम की घोषणा का भी इंतजार हो रहा है। संभावना है कि प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू की जगह किसी और को दिल्ली का प्रभार दिया जाए और नए प्रभारी की सहमति से प्रदेश की टीम बनाई जाए।

आदेश गुप्ता (दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष) का कहना है कि नई टीम संतुलित होगी। पुराने नेताओं के अनुभव व नए नेताओं के जोश को उचित प्रतिनिधित्व मिलेगा। इसके साथ ही अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक वर्ग व महिलाओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाएगी। इसे लेकर मंथन जारी है। जल्द टीम घोषित कर दी जाएगी।  

chat bot
आपका साथी