सौतेले बेटे ने की महिला की हत्या, पुलिस ने आरोपित को किया गिरफ्तार

केएनकाटजू मार्ग थाना पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू की तो आरोपित मुस्तफा को कुछ ही घंटों में दबोच लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि सौतेली मां के कारण उसकी अपनी मां को गांव में रहना पड़ता था। इसके चलते उसने वारदात को अंजाम दिया।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Sat, 10 Apr 2021 08:43 PM (IST) Updated:Sat, 10 Apr 2021 08:43 PM (IST)
सौतेले बेटे ने की महिला की हत्या, पुलिस ने आरोपित को किया गिरफ्तार
शनिवार की सुबह शकीला का शव घर में ही मिला था।

नई दिल्ली [संजय सलिल]। रोहिणी इलाके में शनिवार को युवक ने सौतेली मां की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। इस बावत केएनकाटजू मार्ग थाना पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू की तो आरोपित मुस्तफा को कुछ ही घंटों में दबोच लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि सौतेली मां के कारण उसकी अपनी मां को गांव में रहना पड़ता था। इसके चलते उसने वारदात को अंजाम दिया।

दूसरी पत्नी बिहार में रहती है

जानकारी के अनुसार 45 वर्षीया शकीला रोहिणी सेक्टर 26 स्थित पुनर्वासित कालोनी में रहती थी। उनके पति मुर्तजा बहादुरगढ़ में पंचर मैकेनिक हैं। उन्होंने दो शादियां कर रखी हैं। जिसमें दूसरी पत्नी बिहार स्थित गांव में रहती है। मुर्तजा के दूसरी पत्नी से पांच बच्चे हैं। इनमें मुस्तफा समेत दो बच्चे शकीला के पास रहते थे, जबकि तीन बच्चे अपने पिता मुर्तजा के पास बहादुरगढ़ में रहते हैं।

शनिवार को बरामद हुआ शव

शनिवार की सुबह शकीला का शव घर में ही मिला था। उनके शरीर पर चाकू से वार करने के निशान थे। सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और एसीपर विकास श्योकंद की देखरेख में एसआइ योगेश की टीम गठित की गई।

सख्ती से पूछताछ में बताया सच

ऐसे में पुलिस ने स्वजन से पूछताछ शुरू की तो मृतक के सौतेले बड़े बेटे मुस्तफा के बयान में विरोधाभास नजर आया। उसने बताया कि वह घटना के समय घर में नहीं था, लेकिन पुलिस ने उसके मोबाइल लोकेशन आदि की जांच की तो वह मौके पर पाया गया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने सच बयां कर दिया। ऐसे में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वह सौतेली मां को पसंद नहीं करता था। उसने ने शनिवार को सौतेली मां से रुपये मांगे थे तो उन्होंने उसे डांट भी दिया। इसके चलते उसने गुस्से में हत्या कर दी।

chat bot
आपका साथी