Delhi: चांदनी चौक का रास्ता बंद करने से सिखों में रोष, सिख नेताओं ने दी चेतावनी

डीएसजीपीसी अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि धर्म बचाने के लिए शहादत देने वाले गुरु तेग बहादुर जी की शहादत स्थल का रास्ता बंद कर दिया गया। सोमवार को उपराज्यपाल व मुख्यमंत्री को इसके विरोध में पत्र लिखा जाएगा।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 05:20 PM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 05:20 PM (IST)
Delhi: चांदनी चौक का रास्ता बंद करने से सिखों में रोष, सिख नेताओं ने दी चेतावनी
डीएसजीपीसी अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा की फाइल फोटो

 नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। चांदनी चौक के मुख्य मार्ग के सुंदरीकरण के बाद लाल किले से फतेहपुरी मस्जिद और आसपास के क्षेत्रों में सुबह नौ से रात नौ बजे तक वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया गया है। नियम का उल्लंघन करने पर वाहन चालक पर 20 हजार रुपये का जुर्माना किया जाएगा। इस कदम का सिख नेताओं ने विरोध किया है। उनका कहना है कि इसी मार्ग पर ऐतिहासिक गुरुद्वारा शीशंगज साहिब स्थित है। वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाए जाने से श्रद्धालुओं को गुरुद्वारा पहुंचने में परेशानी हो रही है, इसलिए सरकार को तत्काल प्रतिबंध हटाना चाहिए।

शिरोमणि अकाली दल दिल्ली के नेता व कार्यकर्ता कुलवंत सिंह बाठ के साथ गुरुद्वारा के पास पहुंचकर रोष जताया। उन्होंने यातायात पुलिस द्वारा वहां लगाया गया बोर्ड को हटा दिया। उन्होंने कहा कि वाहनों पर प्रतिबंध से संगत विशेषकर बुजुर्ग, बीमार व दिव्यांग को गुरुद्वारा पहुंचने में दिक्कत हो रही है। उन्होंने समय रहते कदम नहीं उठाने के लिए दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीपीसी) के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा की भी आलोचना की।

जग आसरा गुरु ओट (जागो) के अध्यक्ष मनजीत सिंह जीके ने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी की शहादत की वजह से आज हिंदुस्तान का वर्तमान स्वरूप है। उनका 400 वां प्रकाश पर्व मनाया जा रहा है और सरकार ने उनकी शहादत स्थल पर जाने वाला रास्ता बंद कर दिया है। इससे पहले गुरुद्वारा के बाहर प्याऊ को तोड़ दिया था। संगत के सहयोग से प्याऊ वापस बनाया गया। इसी तरह से रास्ता भी खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि डीएसजीपीसी ने इस मामले को उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री व दिल्ली पुलिस आयुक्त के सामने नहीं उठाया।

डीएसजीपीसी अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि धर्म बचाने के लिए शहादत देने वाले गुरु तेग बहादुर जी की शहादत स्थल का रास्ता बंद कर दिया गया। सोमवार को उपराज्यपाल व मुख्यमंत्री को इसके विरोध में पत्र लिखा जाएगा। यदि रास्ता नहीं खोला गया तो संगत के साथ मिलकर सड़क पर लगाया गया गेट हटा देंगे।

chat bot
आपका साथी