भाजपा सांसदों ने रेलवे अधिकारियों संग की बैठक, अपने क्षेत्र में चल रहे कार्यों की जानी प्रगति

उत्तर रेलवे के अधिकारियों की अंबाला व फिरोजपुर रेल मंडल में पड़ने वाले लोकसभा क्षेत्र के सांसदों के साथ हुई बैठक। सांसदों ने अपने क्षेत्र में चल रहे कार्यों की प्रगति जानी।

By Amit SinghEdited By: Publish:Thu, 20 Sep 2018 09:04 PM (IST) Updated:Thu, 20 Sep 2018 09:04 PM (IST)
भाजपा सांसदों ने रेलवे अधिकारियों संग की बैठक, अपने क्षेत्र में चल रहे कार्यों की जानी प्रगति
भाजपा सांसदों ने रेलवे अधिकारियों संग की बैठक, अपने क्षेत्र में चल रहे कार्यों की जानी प्रगति

नई दिल्ली (जेएनएन)। अंबाला और फिरोजपुर मंडल में आने वाले लोकसभा क्षेत्रों के सांसदों के साथ उत्तर रेलवे के अधिकारियों ने बैठक की। अधिकारियों ने सांसदों को उनके क्षेत्र में पिछले साढ़े चार वर्षो में रेलवे से संबंधित हुए कार्यो की जानकारी दी। सांसदों ने बुनियादी ढांचे के विकास व यात्री सुविधाओं को बेहतर करने के लिए चल रहे कार्यों में तेजी लाने और उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने की मांग की।

रेल मंत्री पीयूष गोयल के निर्देश पर रेल अधिकारी सांसदों के साथ बैठक कर रेलवे की उपलब्धियां गिना रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को नई दिल्ली स्टेशन के नजदीक उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक विश्वेश चौबे ने सांसदों के साथ बैठक की। बैठक में सांसद संतोख सिंह चौधरी, शेर सिंह घुबाया, गुरजीत सिंह औजला, थुप्सतान छेवांग, नजीर अहमद लावे, शमशेर सिंह दुल्लो, सुखदेव सिंह ढींढसा, रतन लाल कटारिया, प्रेम सिंह चंदूमाजरा, निहाल चंद चौहान, आनंद शर्मा शामिल हुए। कई सांसदों के प्रतिनिधि भी बैठक में मौजूद थे।

विश्वेश चौबे के साथ ही अंबाला के मंडल रेल प्रबंधक दिनेश चंद शर्मा और फिरोजपुर के मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने भी अपने मंडलों में यात्री सुविधाओं, रेल सेवा और अवसंरचनात्मक ढांचे से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सुरक्षित रेल परिचालन के लिए संरक्षा से जुड़े कई कार्य किए गए हैं। कई स्थानों पर पटरियों को बदलने का काम चल रहा है। सिग्नल प्रणाली को भी अपग्रेड किया जा रहा है। इसी तरह से रेलवे स्टेशनों व ट्रेनों की साफ सफाई को बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं।

सांसदों ने अपने निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि रेल सेवा को बेहतर बनाने और यात्रियों की परेशानी दूर करने के लिए प्रस्तावित परियोजनाओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने इन परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। महाप्रबंधक ने कहा कि सांसदों द्वारा उठाए गए मुद्दों व जन शिकायतों को दूर करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

chat bot
आपका साथी