Farmer Protests : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नहीं करते हैं किसानों का सम्मान: राहुल गांधी

राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में राजधानी में शुक्रवार को कृषि कानूनों के खिलाफ किसान अधिकार मार्च निकाला गया। हालांकि यह मार्च राजनिवास तक नहीं पहुंच सका। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच में काफी झड़प भी हुई।

By JP YadavEdited By: Publish:Sat, 16 Jan 2021 11:04 AM (IST) Updated:Sat, 16 Jan 2021 11:04 AM (IST)
Farmer Protests :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नहीं करते हैं किसानों का सम्मान: राहुल गांधी
किसी को प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं है।

नई दिल्ली [नेमिष हेमंत]। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों का सम्मान नहीं करते। अगर सम्मान करते तो कृषि कानूनों को वापस ले लेते। उन्होंने कहा कि तीनों कानून किसानों को खत्म करने के लिए बने हैं, जबकि इस देश को आजादी अंबानी-अदाणी ने नहीं बल्कि किसानों ने दी है। आजादी को बरकरार भी हिन्दुस्तान के किसानों ने रखा है, जिस दिन देश की खाद्य सुरक्षा चली जाएगी, उस दिन देश की आजादी भी चली जाएगी। राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में राजधानी में शुक्रवार को कृषि कानूनों के खिलाफ किसान अधिकार मार्च निकाला गया। हालांकि यह मार्च राजनिवास तक नहीं पहुंच सका। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच में काफी झड़प भी हुई।

इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि मोदी हिंदुस्तान को नहीं समझ रहे हैं। वो सोचते हैं कि किसानों में शक्ति नहीं है और वे धरना स्थल से कुछ दिन में चले जाएंगे। लेकिन, मोदी जी को समझ जाना चाहिए कि किसान डरने व पीछे हटने वाले नहीं हैं। यह हिंदुस्तान है पीछे नहीं हटता है, उनको (प्रधानमंत्री) आज नहीं तो कल पीछे हटना पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि केंद्र सरकार को कृषि कानूनों को निरस्त करना होगा। कांग्रेस किसानों के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है और जब तक कानूनों को वापस नही लिया जाता, कांग्रेस पार्टी पीछे नही हटेगी।

कांग्रेस के दो सांसद सहित 11 नेता हिरासत में

कांग्रेस के कुछ नेता समर्थकों के साथ जंतर-मंतर के पास धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। उनके समर्थन में दोपहर यहां राहुल और प्रियंका गांधी वाड्रा भी पहुंचे। शाम करीब चार बजे प्रदर्शनकारी अचानक टॉलस्टॉय मार्ग पर चले आए और वहां वे सड़क पर ही धरने पर बैठ गए, जिससे जंतर-मंतर क्रॉ¨सग पर यातायात जाम हो गया। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर नई दिल्ली जिले में निषेधाज्ञा लागू है। वहां किसी को प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं है। मना करने के बावजूद जब प्रदर्शनकारी नहीं हटे तो नई दिल्ली जिला पुलिस ने पंजाब के लुधियाना के सांसद रवनीत सिंह बिट्टू व अमृतसर के सांसद गुरजीत सिंह औजला और जीरा विधानसभा के विधायक कुलबीर सिंह जीरा सहित उनके 11 समर्थकों को हिरासत में ले लिया। हालांकि सभी को मंदिर मार्ग थाने लाकर बाद में छोड़ दिया गया।

महामारी में किसानों ने नहीं होने दी कृषि उत्पादों की कमी : अनिल चौधरी

किसान अधिकार मार्च के दौरान दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि कांग्रेस देश में आम जनता का पेट भरने वाले किसानों के समर्थन के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों ने कोरोना महामारी के दौरान बिना रुके काम किया था। जब पूरे देश में लॉकडाउन चल रहा था, तो उन्होंने कड़ी मेहनत करके यह सुनिश्चित किया कि देश में कृषि उत्पादों की कमी न हो। विरोध मार्च में एआइसीसी महासचिव के.सी. वेनुगोपाल, दिल्ली प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल, पूर्व सांसद रमेश कुमार, कृष्णा तीरथ, उदित राज, प्रदेश उपाध्यक्ष मुदित अग्रवाल, महिला अध्यक्ष अमृता धवन, युवा कांग्रेस अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी, जिला अध्यक्ष हरिकिशन जिंदल, डा. नरेश कुमार सहित कई पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक, निगम पार्षद इत्यादि शामिल रहे।

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

chat bot
आपका साथी