पीड़ित के दिए गए मात्र एक सुराग से पुलिस ने पकड़ा स्टंट करने वाला गिरोह, पढ़िए गिरोह की कारस्तानी

मुंडका थाना पुलिस ने लूटपाट के एक मामले को सुलझाते हुए एक गिरोह के तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की गिरफ्तारी में उस कलाबाजी की जानकारी बेहद अहम रही जिसे करते हुए पीड़ित ने देखा था।

By Vinay Kumar TiwariEdited By: Publish:Tue, 13 Apr 2021 02:17 PM (IST) Updated:Tue, 13 Apr 2021 05:26 PM (IST)
पीड़ित के दिए गए मात्र एक सुराग से पुलिस ने पकड़ा स्टंट करने वाला गिरोह, पढ़िए गिरोह की कारस्तानी
लूटपाट करने के बाद स्टंट करते हुए भागते थे बदमाश, इसी आधार पर पकड़े गए।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। मुंडका थाना पुलिस ने लूटपाट के एक मामले को सुलझाते हुए एक गिरोह के तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की गिरफ्तारी में उस कलाबाजी की जानकारी बेहद अहम रही, जिसे करते हुए पीड़ित ने देखा था। पीड़ित ने पुलिस को बताया था कि एक आरोपित बाइक के आगे वाले पहिए को ऊपर की ओर उठाकर कलाबाजी कर रहा था।

पीड़ित ने पुलिस को बाइक का रंग भी बताया था। तमाम कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस आरोपितों तक पहुंच गई। आरोपितों में जयभगवान, मोहित व अमन शामिल हैं। मोहित ने आइटीआइ में पढ़ाई कर डिप्लोमा की डिग्री ले रखी है, लेकिन गलत संगत में पड़कर उसने अपराध का रास्ता पकड़ लिया। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने सात मोबाइल व एक बाइक बरामद की है। मामले की तहकीकात जारी है।

नौ अप्रैल को मुंडका थाना में दर्ज कराई गई शिकायत में सचिन ने पुलिस को बताया कि सुबह साढ़े नौ बजे वे एक खेत के बीच कच्चे रास्ते से गुजर रहे थे। तभी अचानक तीन लड़के काले रंग की बाइक से आए। उन्होंने आते ही उनकी पिटाई शुरू कर दी। इस बीच एक उनकी जेब से मोबाइल व नकदी लूट कर फरार हो गए।

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि ऐसा लग रहा था कि आरोपित बाइक से कलाबाजी करने में माहिर है। बाइक चलाने वाला आरोपित आगे के पहिए को ऊपर की ओर उठाता और कलाबाजियां करता था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने इलाके में काले रंग की बाइक पर नजर रखनी शुरू कर दी। अगले ही दिन पुलिस को सूचना मिली कि काले रंग की एक बाइक पर तीन लड़के रोहतक रोड पर नजर आए हैं।

यह भी पता चला कि वे तेज रफ्तार में बाइक चला रहे हैं। बाइक पर नंबर प्लेट नहीं है। इसके बाद पुलिस टीम सक्रिय हुई और पीछा करते हुए संदिग्धों तक पहुंच गई। तीनों ने पुलिस से बचने की काफी कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें काबू कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस को सचिन से लूटी गई वस्तु बरामद हो गई। पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे एक्शन मूवी देखने के काफी शौकीन हैं।

chat bot
आपका साथी