टाइम्स ग्रुप की अध्यक्ष इंदु जैन का निधन, दिल्ली में ली अंतिम सांस; पीएम ने जताया शोक

इंदु जैन ने दिल्ली में अंतिम सांस ली। पीएम नरेंद्र मोदी ने इंदु जैन के निधन पर शोक जताया और कहा कि सामुदायिक सेवा के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए पहल भारत की प्रगति को लेकर उनके जज्बे और संस्कृति के प्रति गहरी दिलचस्पी के लिए याद किया जाएगा।

By Jp YadavEdited By: Publish:Fri, 14 May 2021 10:56 AM (IST) Updated:Fri, 14 May 2021 11:33 AM (IST)
टाइम्स ग्रुप की अध्यक्ष इंदु जैन का निधन, दिल्ली में ली अंतिम सांस; पीएम ने जताया शोक
टाइम्स ग्रुप की अध्यक्ष इंदु जैन का निधन, दिल्ली के अस्पताल में ली अंतिम सांस; पीएम ने जताया शोक

नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। क्रूर कोरोना वायरस संक्रमण अब नामी-गिरानी हस्तियों को भी न केवल अपनी चपेट में ले रहा है, बल्कि इससे कई कलाकारों, संगीतकारों और समाजसेवियों की जान तक जा चुकी है। ताजा मामले में कोरोना वायरस की चपेट में आईं टाइम्स ग्रुप की अध्यक्ष इंदु जैन का 84 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि कोरोना वायरस संक्रमण से उत्पन्न जटिलताओं के कारण बृहस्पतिवार शाम को उनका निधन हो गया। इंदु जैन ने राजधानी दिल्ली में अंतिम सांस ली।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंदु जैन के निधन पर शोक जताया और कहा कि सामुदायिक सेवा के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए पहल, भारत की प्रगति को लेकर उनके जज्बे और संस्कृति के प्रति गहरी दिलचस्पी के लिए उन्हें याद किया जाएगा। 

उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'टाइम्स समूह की अध्यक्ष इंदु जैन के निधन से दुखी हूं। सामुदायिक सेवा के क्षेत्र में उनके द्वारा उठाए गए कदमों, भारत की प्रगति को लेकर उनके जज्बे और संस्कृति के प्रति गहरी दिलचस्पी के लिए उन्हें याद किया जाएगा।' प्रधानमंत्री ने इंदु जैन के साथ अपने संवाद के अवसरों को याद किया और परिजन के प्रति संवेदना व्यक्त की।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी ट्वीट कर इंदु जैन के निधन पर शोक जताया है- 'राष्ट्रहित व जन सेवा हेतु समर्पित टाइम्स ग्रुप की चेयरपर्सन श्रीमती इंदु जैन जी का निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।'

यहां पर बता दें कि इंदु जैन कल्याणकारी गतिविधियों के लिए स्थापित टाइम्स फाउंडेशन की संस्थापक भी थीं और उन्होंने नामी उद्योग लॉबी फिक्की की महिला विंग की भी स्थापना की। इंदु जैन को 2016 में देश के तीसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।

यह भी जानें देश में महिलाओं के बीच उद्यमिता और व्यावसायिकता के लिए 1983 में फिक्की महिला संगठन (FLO) की स्थापना की, वह संस्थापक अध्यक्ष थीं। इंदु जैन भारतीय ज्ञानपीठ ट्रस्ट के अध्यक्ष बनीं। 

chat bot
आपका साथी