PM & CM Meeting: भाजपा ने कहा- संकट के समय गैर जिम्मेदाराना व्यवहार कर रहे हैं केजरीवाल

दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता का कहना है कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के कुप्रबंधन से दिल्ली की स्थिति बेहद चिंताजनक हो गई है। लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है।संकट के दौर में जनता की सुध लेने के बजाय मुख्यमंत्री राजनीति करने में व्यस्त हैं।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Fri, 23 Apr 2021 08:11 PM (IST) Updated:Fri, 23 Apr 2021 08:11 PM (IST)
PM & CM Meeting: भाजपा ने कहा- संकट के समय गैर जिम्मेदाराना व्यवहार कर रहे हैं केजरीवाल
मुख्यमंत्री ने केंद्र व राज्य के बीच के विश्वास को तोड़ा हैः आदेश गुप्ता

नई दिल्ली [संतोष कुमार सिंह]। प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्रियों की बैठक को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा सार्वजनिक करने का भाजपा ने विरोध किया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि मुख्यमंत्री का यह व्यवहार गैर जिम्मेदाराना है। इससे साबित होता है कि वह गंभीर मुद्दों को लेकर संवेदनशील नहीं हैं। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता का कहना है कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के कुप्रबंधन से दिल्ली की स्थिति बेहद चिंताजनक हो गई है। लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है। इस संकट के दौर में जनता की सुध लेने के बजाय मुख्यमंत्री राजनीति करने में व्यस्त हैं।

विश्वास के धागे को तोड़ दिया

प्रधानमंत्री के साथ वर्चुअल बैठक में उन्होंने पंरपरा का उल्लंघन किया है। इससे साबित होता है कि उनका ध्यान सिर्फ राजनीति करने पर है। जनता को गुमराह करने के लिए मुख्यमंत्री ने प्रोटोकाल का उल्लंघन किया है। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या की है। साथ ही उस विश्वास के धागे को भी तोड़ दिया जिससे केंद्र व राज्यों के रिश्ते बंधे रहते हैं।

मोदी सरकार द्वारा लिए गए निर्णय का श्रेय लेना चाहते हैंः प्रवेश वर्मा

पश्चिमी दिल्ली के सांसद प्रवेश वर्मा का कहना है कि संकट के समय में भी केजरीवाल राजनीति कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के साथ आंखों में आंखें डालकर जानबूझकर प्रोटोकाल तोड़ने वाला व्यक्ति दिल्ली की जनता को क्या समझता होगा? उन्हें प्रधानमंत्री के साथ हुई अहम बैठक को जनता को दिखाने की चिंता थी। केंद्र सरकार द्वारा पहले लिए गए निर्णय का श्रेय वह खुद लेना चाहते हैं इसलिए उन्होंने ऐसा किया है।

प्रचार करने का लगा आरोप

प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन का कहना है कि कोरोना संकट के समय प्रधानमंत्री की मुख्यमंत्रियों के साथ हुई बैठक को टीवी पर प्रसारित करके केजरीवाल ने राजनीतिक अपरिपक्वता का परिचय दिया है। इसके लिए प्रधानमंत्री को उन्हें टोकना पड़ा। यह एक मुख्यमंत्री को शोभा नहीं देती है। प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि केजरीवाल ने स्थापित कर दिया है कि प्रचार में रहने के लिए वह किसी भी हद तक जा सकते हैं।

गंभीर विषय पर संवेदनशीलता दिखानी चाहिए

प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता हरीश खुराना ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री आपदा में भी अपने आप को चमकाने की कोशिश कर रहे है। उन्हें गंभीर विषय पर संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। इसके विपरीत वह प्रचार के लिए प्रोटोकाल का उल्लंघन कर रहे हैं।

chat bot
आपका साथी