आयरलैंड से फेसबुक से फोन आने पर दिल्ली साइबर सेल के प्रयास से मुंबई में बची शख्स की जान

आत्महत्या की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस साइबर सेल के अधिकारी सक्रिय हो गए।वहीं शख्स के मुंबई में होने की जानकारी तुरंत मुंबई पुलिस से साझा की गई। इस तत्परता से शख्स की जान बच गई।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Sun, 09 Aug 2020 06:51 PM (IST) Updated:Sun, 09 Aug 2020 06:52 PM (IST)
आयरलैंड से फेसबुक से फोन आने पर दिल्ली साइबर सेल के प्रयास से मुंबई में बची शख्स की जान
आयरलैंड से फेसबुक से फोन आने पर दिल्ली साइबर सेल के प्रयास से मुंबई में बची शख्स की जान

नई दिल्ली [संतोष शर्मा]। आयरलैंड से फेसबुक से आए फोन के बाद दिल्ली पुलिस साइबर सेल के प्रयास से मुंबई में खुदकुशी का प्रयास करने वाले एक शख्स की जान बच गई। मुंबई में काम करने वाले दिल्ली के कुक ने फेसबुक पर खुदकुशी करने का पोस्ट डाला था। इसकी सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस साइबर सेल के अधिकारी सक्रिय हो गए। वहीं, शख्स के मुंबई में होने की जानकारी तुरंत मुंबई पुलिस से साझा की गई। बाद में मुंबई पुलिस ने अवसाद ग्रस्त शख्स की पहचान कर उसे बचा लिया। फिलहाल उसकी काउंसलिंग कराई जा रही है।

परिजनों ने दोनों राज्यों की पुलिस को कहा थैंक्स

दो राज्यों की पुलिस की तत्परता से व्यक्ति को बचाने पर परिजनों ने पुलिस को धन्यवाद ज्ञापित किया है। साइबर सेल अधिकारियों के मुताबिक फेसबुक से फोन आने पर पर यह इस तरह की की गई पहली कार्रवाई है। साइबर सेल के डीसीपी अनयेश रॉय ने बताया कि आयरलैंड से फेसबुक से शनिवार की शाम 7.51 बजे विभाग के पास फोन आया था। फोन पर फेसबुक के अधिकारी ने पुलिस को बताया कि दिल्ली का निवासी अपने फेसबुक अकाउंट पर खुदकुशी संबंधी जानकारी पोस्ट कर रहा है। उसकी जान खतरे में है। इसकी जानकारी विभागीय ईमेल पर भी साझा की गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने बगैर समय बर्बाद किए फेसबुक चलाने वाले और उसके पते की जांच शुरू की।

समझदारी से पुलिस ने इस मामले का निकाला समाधान

जांच में पता चला कि उक्त फेसबुक अकाउंट एक महिला का है उसपर मंडावली इलाके का पता दर्ज था। फेसबुक के साथ पंजीकृत मोबाइल नंबर भी पुलिस ने प्राप्त कर लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि चूंकि पुलिस द्वारा उस नंबर पर कॉल करने से शख्स घबराहट में कोई भी कदम उठा सकता था। लिहाजा साइबर पुलिस ने यह जानकारी पूर्वी दिल्ली के डीसीपी जसमीत सिंह से साझा की। वहीं, पुलिस की एक टीम को मंडावली के पते पर भेजा गया। वहां पहुंचने पर पुलिस को सबकुछ सामान्य मिला। पूछताछ में वहां रहने वाली महिला ने बताया कि जिस फेसबुक से पोस्ट किया गया है वह उसका है लेकिन उसका प्रयोग उनके पति करते हैं। वह मुंबई में एक होटल में कुक हैं। 

पारिवारिक तनाव में था पति

कुक छुट्टियों में अपने घर दिल्ली आया था। लेकिन, पारिवारिक कारणों से पति-पत्नी के बीच झगड़ा हो गया और वह गुस्से में 14 दिन वे मुंबई चला गया। वह मुंबई में कहां रहता है इसकी जानकारी महिला को भी नहीं थी। लिहाजा पुलिस ने महिला के पति का फोन नंबर ले उनके पते की जानकारी जुटानी शुरू की, लेकिन उनका फोन बंद आ रहा था। इसी बीच घटना की जानकारी दिल्ली पुलिस ने मुंबई पुलिस से साझा की। साइबर सेल के अधिकारियों ने मुंबई के साइबस सेल डीसीपी बाल सिंह राजपूत व डॉ. रश्मि करंदीकर से उस शख्स को बचाने के अपील की।

फोन चालू होते ही उससे पुलिस अधिकारियों ने की बात

डॉ. रश्मि ने संवेदनशीलता के साथ जानकारी जुटानी शुरू की तो पता चला कि वह मुंबई के भायंदर इलाके में रहता है। फोन चालू करते ही पुलिस अधिकारियों ने उससे बात की। इसमें शख्स ने बताया कि वह काफी तनाव में है। इसके कारण वह खुदकुशी करना चाहता है। उधर उसके पते की जानकारी मिलते ही चंद मिनट में मुंबई पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभाल लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दो राज्यों की पुलिस की तत्परता के कारण एक व्यक्ति की जान बचाई जा सकी। फिलहाल वह डाक्टरों की निगरानी में है।

chat bot
आपका साथी