पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर धर्मेंद्र प्रधान ने राहुल गांधी को दी नसीहत, 'जनता की फिक्र है तो कांग्रेस शासित राज्यों से करें कम करने की शुरुआत'

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना करते हुए पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि वह बताएं कि महाराष्ट्र और राजस्थान में पेट्रोल-डीजल क्यों महंगा हो रहा है। वहां महंगा इसलिए हो रहा है क्योंकि टैक्स ज्यादा लिया जा रहा है।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 11:51 AM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 02:17 PM (IST)
पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर धर्मेंद्र प्रधान ने राहुल गांधी को दी नसीहत, 'जनता की फिक्र है तो कांग्रेस शासित राज्यों से करें कम करने की शुरुआत'
पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान

नई दिल्ली [भगवान झा]। पंजाबी बाग स्थित महाराजा अग्रसेन अस्पताल में पीएसए (प्रेशर स्विंग अब्सार्प्शन) आक्सीजन प्लांट का शुभारंभ करने के बाद केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस तथा इस्पात मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। प्रधान ने कहा कि इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता कि पेट्राेल-डीजल की बढ़ रही कीमतों से लोग परेशान हैं, लेकिन इसपर राहुल गांधी की ओर से आए दिन आ रहे बयान गैरजिम्मेदाराना हैं। अगर राहुल गांधी को लोगों की इतनी चिंता है तो वे सबसे पहले कांग्रेस शासित प्रदेशों में इसकी कीमत को कम करने की शुरुआत करें।

महाराष्ट्र, राजस्थान, पंजाब में भी पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है। राज्य सरकार चाहे तो कर में कटौती कर कीमत को कम कर सकती है, लेकिन राहुल गांधी की मंशा सिर्फ और सिर्फ राजनीति करने की है।

उन्होंने कहा कि देश कोरोना संकट से गुजर रहा है। एक वर्ष में 35 हजार करोड़ रुपये सिर्फ टीका पर खर्च हुये हैं। इसके अलावा लोगों को मुफ्त राशन देने की योजना पर एक लाख करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। साथ ही किसानों को हजारों करोड़ रुपये दिए गए हैं। देश में रोजगार सृजन व अन्य विकास कार्यों पर भी ध्यान देना है। ऐसे में सरकार को पैसाें की जरूरत है। उन्होंने कहा कि देश में पीएम केयर्स फंड से 1213 पीएसए आक्सीजन प्लांट लगाए जा रहे हैं।

इसके अलावा विभिन्न सरकारी व निजी कंपनियों की पहल से ढाई सौ से ज्यादा आक्सीजन प्लांट विभिन्न अस्पतालों में लग रहे हैं। इससे प्रतिदिन साढ़े तीन हजार टन आक्सीजन की आपूर्ति हो सकेगी। संभावित तीसरी लहर को देखते हुए यह कार्य बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन अस्पताल में इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड की पहल से आक्सीजन प्लांट लगाया गया है। इसपर करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत आई है। यहां पर आक्सीजन का उत्पादन होने के साथ-साथ सिलेंडर रीफिलिंग की भी व्यवस्था है।

chat bot
आपका साथी