नई आबकारी नीति से लोगों में आक्रोश: अभय वर्मा

शकरपुर में नई आबकारी नीति के तहत खुले शराब के ठेकों का विरोध तेज हो गया है। भाजपा के स्थानीय विधायक अभय वर्मा के नेतृत्व में यहां जनजागरण अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत शनिवार को रैली निकाली गई।

By Pradeep ChauhanEdited By: Publish:Sun, 28 Nov 2021 03:29 PM (IST) Updated:Sun, 28 Nov 2021 03:31 PM (IST)
नई आबकारी नीति से लोगों में आक्रोश: अभय वर्मा
विधायक ने खुले ठेकों को बंद कराने के लिए उन्होंने उपराज्यपाल के साथ सभी संबंधित विभागों को पत्र लिखा है।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। शकरपुर में नई आबकारी नीति के तहत खुले शराब के ठेकों का विरोध तेज हो गया है। भाजपा के स्थानीय विधायक अभय वर्मा के नेतृत्व में यहां जनजागरण अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत शनिवार को रैली निकाली गई। विधायक ने बताया कि यहां खुले ठेकों को बंद कराने के लिए उन्होंने उपराज्यपाल के साथ सभी संबंधित विभागों को पत्र लिखा है।

रैली मास्टर ब्लाक स्थित विधायक कैंप कार्यालय से शुरू होकर डी-ब्लाक, सुंदर ब्लाक, बी-ब्लाक, जी व एच-ब्लाक, गणोश नगर-दो, डब्ल्यूए ब्लाक, कृष्णा मंदिर मुख्य रोड से होकर शकरपुर मार्केट स्थित संजय पार्क पर खत्म हुई। इस दौरान विधायक अभय वर्मा ने कहा कि नई आबकारी नीति को लेकर लोगों को आक्रोश है। शराब पीने की आयु 25 वर्ष से घटाकर 21 वर्ष करने से लोग नाराज हैं।

साथ में होम डिलीवरी शुरू होने से भी कम शराब पीने वालों को भी पूर्णरूप से शराबी बनाने का प्रबंध कर दिया गया है। शकरपुर और लक्ष्मी नगर में पढ़ने-लिखने वाले छात्र-छात्रओं की संख्या अधिक है। शराब बिक्री के प्रोत्साहन से अपराध और अव्यवस्था फैलने की आशंका है। अभियान में पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेश तिवारी, विक्रम सिंह, प्रेम प्रकाश तिवारी, शिव प्रकाश राणा, रोली सिंह आदि मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने दिया धरना : शकरपुर वार्ड के साउथ गणोश नगर में खोली जा रही शराब की दुकानों के विरोध में शनिवार को दोपहर कांग्रेस नेताओं ने धरना दिया। जिलाध्यक्ष गुरुचरण सिंह राजू और वरिष्ठ नेता हरिदत्त शर्मा ने कहा कि मंदिर के पास यह शराब का ठेका हमें मंजूर नहीं है। विरोध के दौरान कांग्रेस नेताओं ने ठेके का शटर भी गिरा दिया। धरने में नई आबकारी नीति के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पीने का साफ पानी की यहां व्यवस्था नहीं हो पा रही है, लेकिन ठेका जरूर खोला जा रहा है। धरने में अशोक शर्मा, अनिल चौधरी बब्बल, परवीन शर्मा, सुंदर नागर, सुमित शर्मा, ममता तिवारी, जवाहर धवन, अंकुश गुप्ता, जयराम रमेश, जयपाल सिंह वर्मा मौजूद थे।

मंडोली रोड पर प्रस्तावित ठेका निरस्त : मंडोली रोड पर प्रस्तावित शराब का ठेका निरस्त हो गया है। दरअसल, यहां लगातार हो रहे प्रदर्शन को देखते हुए संपत्ति मालिक रामेश्वर त्यागी ने किराये का सौदा रद कर दिया है। इसे देखते हुए भाजपा नेताओं ने कार्यक्रम आयोजित कर रामेश्वर त्यागी का सम्मान किया। विधायक जितेंद्र महाजन ने कहा कि हम लोग उनके प्रति आभार जताते हैं।

उन्होंने कहा कि हमारे जनजागरण की वजह से यह पांचवा ठेका है जिसका किराये का करार निरस्त हुआ है। इस मौके पर स्थानीय पार्षद और नगर निगम शाहदरा उत्तरी जोन के चेयरमैन प्रवेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष संजीव मित्तल, महिला मोर्चा उपाध्यक्ष संगीता चौधरी, मार्केट एसोसिएशन की प्रधान बिन्नी वर्मा आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी