घर का बना काढ़ा बाजार के मुकाबले ज्यादा फायदेमंद, सेहत के साथ मिल रहा स्वाद भी

शरीर को अंदर से मजबूत बना रहा काढ़ा

राजधानी में कई लोग अपनी सेहत का ध्यान रखते हुए स्वयं घर पर काढ़ा तैयार कर अपने परिवार के साथ उसे पीकर रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ा रहे हैं। तो जानें किस तरह घर पर काढ़ा तैयार कर दिल्लीवासी खुद व अपने परिवार को रख रहे हैं स्वस्थ व सुरक्षित।

Mangal YadavSat, 24 Apr 2021 05:55 PM (IST)

नई दिल्ली [रितु राणा]। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर आते ही लोगों में एक बार फिर से डर बैठने लगा है। मास्क, शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करने के साथ लोग रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए काढे़ का भी उपयोग कर रहे हैं। अगर आपकी रोग प्रति रोधक क्षमता अधिक है तो बीमारियों का खतरा भी कम हो जाता है। कोरोना के मामले में भी यह बात सिद्ध होती नजर आ रही है, इसलिए पिछले वर्ष कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए आयुष मंत्रालय ने भी लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए काढ़ा जारी किया था। आज बाजार में कई कंपनियों के काढ़े मौजूद हैं जिनका उपयोग लोग अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए कर रहे हैं, लेकिन घर में मौजूद मसालों से ही हम स्वयं काढ़ा तैयार कर सकते हैं जोकि बाजार के काढ़े से कई गुना फायदेमंद होगा।

इसलिए राजधानी में कई लोग अपनी सेहत का ध्यान रखते हुए स्वयं घर पर काढ़ा तैयार कर अपने परिवार के साथ उसे पीकर रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ा रहे हैं। तो जानें किस तरह घर पर काढ़ा तैयार कर दिल्लीवासी खुद व अपने परिवार को रख रहे हैं स्वस्थ व सुरक्षित।

शरीर को अंदर से मजबूत बना रहा काढ़ा

विश्वास नगर निवासी शिक्षिका तृप्ता उपाध्याय का कहना है कि वह अपने पूरे परिवार के साथ वह दो माह से लगातार काढ़ा पी रही हैं। जिसका उन्हें काफी लाभ भी हो रहा है। अभी तक कोई कोरोना की चपेट में नहीं आया जबकि उनके कई शिक्षक साथियों को कोरोना हो चुका है, लेकिन वह और उनका पूरा परिवार सुरक्षित है क्योंकि काढ़ा पीकर उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता काफी बढ़ गई है। काढ़ा पीकर शरीर में एक ऊर्जा का संचार होता है।

तृप्ता लोंग, काली मिर्च, दालचीनी, तुलसी, अदरक, शहद, तेजपत्ता मिलाकर काढ़ा तैयार करती हैं। साथ ही इम्यूनिटी बूस्ट करने के लिए चाय में भी लोंग, इलायची (बड़ी-छोटी दोनों), सौंफ, अदरक काली मिर्च डालती हैं। सुबह व शाम शहद में अदरक का रस और काली मिर्च पाउडर मिलाकर पीते हैं और दिन में तीन बार गुनगुने पानी में एक-एक कप दशमूलारिष्ट लेते हैं। इनके अलावा सोने से पहले गर्म पानी में विक्स डालकर भाप भी लेते हैं। इस सभी चीजों के सेवन से पूरे परिवार की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ गई है।

काढ़े में सेहत के साथ स्वाद भी

शालीमार बाग निवासी दिल्ली पुलिस में इंस्पैक्टर राकेश राणा अपनी पत्नी चेस इंस्ट्रक्टर मोनिका राणा के साथ मिलकर कोरोना को हराने के लिए काढ़ा बना रहे हैं। कोरोना संक्रमण के शुरूआती दिनों से ही वह काढ़े का सेवन कर रहे हैं और उसे घर पर ही तैयार करते हैं। राकेश राणा बताते हैं कि उनके कई साथ कोरोना की चपेट में आए लेकिन अभी तक वह इससे बचे रहे। उन्हें काढ़े से काफी लाभ हुआ है। परिवार के साथ वह रोजाना काढ़ा पीते हैं।

राकेश व मोनिका ने सौंध, दालचीनी, सौंफ, जीरा, लौंग, अजवाइन, अश्वगंधा, हल्दी, आंवला पाउडर, मुवेठी, इलायची, काली मिर्च, गुड़ को मिलाकर काढ़े का पाउडर तैयार किया है। इस पाउडर को गर्म पानी में मिलाकर वह पीते हैं और अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं। इसके अलावा कभी स्वादानुसार उसमें गिलोय व ताजी तुलसी के पत्ते भी मिला लेते हैं। यह काढ़ा स्वादिष्ट होने के साथ सेहत के लिए भी अच्छा है। उनके बच्चे भी बड़े शौक से इसे पीते हैं।

काढ़े से इम्यूनिटी बढ़ने के अलावा तनाव भी दूर होता है। पेट भी साफ रहता है और शरीर का सारा दर्द भी दूर हो जाता है। मोनिका की मां अस्थमा की मरीज हैं, और दो वर्ष पहले उन्हें ब्रेस्ट कैंसर भी हुआ था, इसलिए उन्होंने कोरोना के शुरूआती दिनों में मां की देखभाल के लिए उन्हें अपने घर ही बुला लिया था और उन्हें पूरे छह माह तक यह काढ़ा पिलाया और अभी तक उनका स्वास्थ्य काफी अच्छा है

डाउनलोड करें हमारी नई एप और पायें अपने शहर से जुड़ी हर जरुरी खबर!

रोमांचक गेम्स खेलें और जीतें
एक लाख रुपए तक कैश अभी खेलें

This website uses cookie or similar technologies, to enhance your browsing experience and provide personalised recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.