चांदनी चौक की सुंदरता पर कुछ इस तरह से ग्रहण लगा रहे लोग, नगर निगम पहुंची शिकायत

नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि समय-समय पर चांदनी चौक में विशेष सफाई अभियान चलाकर इसे साफ किया जाता है। वहीं सार्वजनिक स्थल पर थूकने वाले लोगों के खिलाफ भी चालान की कार्रवाई की जाएगी। इससे लोग गंदगी करने से बचेंगे।

By Vinay Kumar TiwariEdited By: Publish:Tue, 07 Dec 2021 02:50 PM (IST) Updated:Tue, 07 Dec 2021 02:50 PM (IST)
चांदनी चौक की सुंदरता पर कुछ इस तरह से ग्रहण लगा रहे लोग, नगर निगम पहुंची शिकायत
स्थानीय व्यापारी परेशान, नगर निगम के अधिकारियों से कर रहे शिकायत।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। चांदनी चौक के मुख्य मार्ग का पिछले दिनों सुंदरीकरण किया गया था, जिसकी दूरदराज से आने वाले पर्यटकों ने खूब तारीफ की थी। लोग मार्ग पर खड़े होकर सेल्फी और फोटो खिंचवा रहे थे, लेकिन चंद महीनों बाद ही गुटखा और अन्य पान मसाला खाने वाले लोग इसकी खूबसूरती पर दाग लगा रहे हैं। वे गुटखे की पीक सड़क पर मार रहे हैं, जिससे सड़क व किनारे पर बनाए गए पिलर गंदे हो रहे हैं। इसके अलावा स्थानीय व्यापारी इसकी नगर निगम से भी शिकायत कर रहे हैं। वे मांग कर रहे हैं कि गंदगी फैलाने वाले लोगों के चालान काटे जाएं, जिससे चांदनी चौक की खूबसूरती बनी रहे।

चांदनी चौक में लाल किले के सामने से लेकर फतेहपुरी मस्जिद तक बनी सड़क का सुंदरीकरण किया गया था। इसके बाद से इस मार्ग पर वाहनों का आना जाना भी बंद कर दिया गया है। वहीं, नगर निगम द्वारा संचालित रिक्शों को चलाने की अनुमति दी गई है। इसके बावजूद कुछ बाइक चालक अन्य गलियों से अपने वाहन को सड़क पर ले आते हैं। इससे आम लोगों को दिक्कत हो रही है। कपड़ा व्यापारी दिनेश गोयल ने बताया कि सुंदरीकरण के बाद पुरानी दिल्ली की छवि ओर बेहतर हुई थी, लेकिन अब गुटखा खाने वाले लोगों की पीक इसे मैला कर रही हैं। इसको लेकर नगर निगम को शिकायत की गई है।

नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि समय-समय पर चांदनी चौक में विशेष सफाई अभियान चलाकर इसे साफ किया जाता है। वहीं, सार्वजनिक स्थल पर थूकने वाले लोगों के खिलाफ भी चालान की कार्रवाई की जाएगी। इससे लोग गंदगी करने से बचेंगे। साथ ही जोन चेयरपर्सन सुल्ताना आबाद ने कहा कि लोगों को खुद भी स्वच्छता के प्रति जागरूक रहना चाहिए।

chat bot
आपका साथी