दिल्ली का कुख्यात झपटमार राजस्थान से गिफ्तार, पुलिस ने किया 50 से ज्यादा मामले सुलझाने का दावा

पुलिस के वाहन चोरी निरोधक दस्ते ने अर्जुन नामक आरोपित को राजस्थान के जोधपुर स्थित लूनी नामक स्थान से गिरफ्तार किया है। दावा किया जा रहा है कि आरोपित की गिरफ्तारी से दिल्ली के अलग अलग थानाें दर्ज 52 मामले सुलझे हैं।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Tue, 21 Sep 2021 05:51 PM (IST) Updated:Tue, 21 Sep 2021 05:51 PM (IST)
दिल्ली का कुख्यात झपटमार राजस्थान से गिफ्तार, पुलिस ने किया 50 से ज्यादा मामले सुलझाने का दावा
पुलिस से बचने के लिए राजस्थान जा छिपा था आरोपित

नई दिल्ली [गौतम कुमार मिश्रा]। द्वारका जिला पुलिस के वाहन चोरी निरोधक दस्ते ने अर्जुन नामक आरोपित को राजस्थान के जोधपुर स्थित लूनी नामक स्थान से गिरफ्तार किया है। दावा किया जा रहा है कि आरोपित की गिरफ्तारी से दिल्ली के अलग अलग थानाें दर्ज 52 मामले सुलझे हैं। इसपर दिल्ली के अलग थानों में झपटमारी, लूट, अवैध हथियार के सौ मामले दर्ज हैं। अर्जुन आदर्श नगर थाना का घोषित अपराधी है। 26 मामलों में इसकी तलाश हो रही थी। इस वर्ष अप्रैल महीने में जमानत पर जेल से छूटने के बाद एक के बाद एक वारदात अंजाम देने लगा।

आरोपित झपटमारी के दौरान अलग- अलग रंग की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करता था ताकि पुलिस को लगे कि वारदात के पीछे एक ही बदमाश नहीं है। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस अभी तक पांच सोने की चेन व पांच मोटरसाइकिल बरामद कर चुकी है।

द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार मीणा ने बताया कि हाल में झपटमारी की वारदातों के आरोपितों को पकड़ने के लिए इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम घटनास्थलों के नजदीक लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगालने में जुटी थी। फुटेज देखकर पुलिस ने पाया कि झपटमारी की वारदात या तो रात आठ बजे से दस बजे के बीच या फिर सुबह के समय अंजाम दिए जा रहे हैं। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला इन वारदातों के पीछे अर्जुन का हाथ है, लेकिन पुलिस के बचने के लिए आरोपित राजस्थान के जोधपुर इलाके में जा छिपा है।

इसके बाद पुलिस टीम जोधपुर पहुंची और वहां करीब तीन दिनों तक आरोपित की तलाश में लगी रही। अंत में पुलिस टीम ने अर्जुन का पता लगा लिया। पुलिस टीम ने जैसे ही अर्जुन को पकड़ने के लिए दबिश दी वह भागने लगा। बाजरे के खेत से गुजरते हुए पुलिस टीम ने आरोपित का करीब डेढ़ किलोमीटर पीछा किया और उसे काबू करने में सफलता पाई। आरोपित से पुलिस ने उसके साथियों के बारे में पता लगाया। इसके बाद पुलिस ने विशाल नामक एक शख्स को गिरफ्तार किया जो सोने की चेन आरोपित से खरीदता था, उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार इस मामले में अभी और गिरफ्तारी होनी है। मामले की तहकीकात जारी है।

chat bot
आपका साथी