मंडी हाउस से स्थानांतरित होगा राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, जानिए क्या है इसके पीछे प्रमुख कारण?

नएसडी में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सुविधाएं भी होनी चाहिए। एक विशाल पुस्तकालय छात्रावास अत्याधुनिक आडिटोरियम कर्मचारियाें के लिए आवास के साथ साथ सभी विभाग अलग जरूरी है। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) मंडी हाउस से स्थानांतरित होगा।

By Vinay Kumar TiwariEdited By: Publish:Tue, 30 Nov 2021 05:28 PM (IST) Updated:Tue, 30 Nov 2021 05:28 PM (IST)
मंडी हाउस से स्थानांतरित होगा राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, जानिए क्या है इसके पीछे प्रमुख कारण?
सीपीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने किया निरीक्षण और इसको स्थानांतरित करने की बात कही।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) मंडी हाउस से स्थानांतरित होगा। ऐसा पुनर्विकास के चलते किया जाएगा। एनएसडी अध्यक्ष पद्मश्री परेश रावल ने बताया कि यह अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण संस्थान है। एनएसडी में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सुविधाएं भी होनी चाहिए। एक विशाल पुस्तकालय, छात्रावास, अत्याधुनिक आडिटोरियम, कर्मचारियाें के लिए आवास के साथ साथ सभी विभाग अलग जरूरी है। 2016 में केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने 180 करोड़ रुपये धनराशि सुनिश्चित की थी लेकिन इस पर कोई काम नहीं हुआ।

बकौल परेश रावल, केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी से व्यक्तिगत अनुरोध किया। अब पुनर्विकास की प्रक्रिया प्रारंभ होने वाली है। एनएनडी कार्यकारी निदेशक दिनेश खन्ना ने बताया कि केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के पदाधिकारी पिछले हफ्ते निरीक्षण के लिए आए थे। एनएसडी का मुख्य भवन नहीं टूटेगा। इसके आसपास नई इमारत बनाई जाएगी। हम बहुत जल्द सीपीडब्ल्यूडी समेत अन्य विभागों को एक नई जगह आवंटित करने के लिए पत्र लिखेंगे। जब तक निर्माण कार्य चलेगा तब तक के लिए एनएसडी स्थानांतरित करना होगा। सिरीफोर्ट आडिटोरियम सरीखी जगह एनएसडी के लिए मुफीद है। हम इसी तरह की जगह मांगेगे। जहां ना केवल कक्षाएं चल सकें बल्कि नाटक आदि का आयोजन भी हो सके।

10 फरवरी से भारत रंग महोत्सव

रंगप्रेमियों के लिए एक खुशखबरी है। एनएसडी 10 फरवरी से भारत रंग महोत्सव आयोजित करेगा। कार्यकारी निदेशक ने बताया कि अब तक मंचन के लिए 701 नाटकों की प्रविष्टि आई है। स्क्रीनिंग कमेटी अब तक 77 नाटकों का चयन कर चुकी है। दस अंतरराष्ट्रीय शो भी होंगे। भारत रंग महोत्सव में आजादी के अमृत महोत्सव आयोजन की भी छाप दिखेगी। आजादी के आंदोलन में भाग लेने वाले अनसंग हीरो आधारित नाटक भी मंचित होंगे।

डिजिटलीकरण प्रक्रिया शुरू

एनएसडी पुस्तकालय में 20 हजार आडियो, 30 हजार वीडियो और दस्तावेज हैं। अध्यक्ष परेश रावल ने बताया कि इन सभी को डिजिटल किया जाएगा। इसकी प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।

दाखिले के लिए साक्षात्कार आज से

एनएसडी पदाधिकारियों ने बताया कि सितंबर माह में दाखिले के लिए विज्ञापन जारी किए गए थे। बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं। अब बुधवार से दाखिले के लिए साक्षात्कार की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। जनवरी से नए सत्र की शुरुआत होगी।

chat bot
आपका साथी