Monsoon 2021 Update: दिल्ली-एनसीआर में आज दस्तक दे सकता है मानसून, आसपास के राज्यों को भी मिलेगी राहत

उम्मीद है कि दक्षिण पश्चिम मानसून दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा पंजाब व राजस्थान के शेष भागों को भी कवर करेगा। ऐसे में मानसून का इंतजार कर रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों का इंतजार रविवार को खत्म हो सकता है।

By Jp YadavEdited By: Publish:Sun, 11 Jul 2021 07:03 AM (IST) Updated:Sun, 11 Jul 2021 09:00 AM (IST)
Monsoon 2021 Update: दिल्ली-एनसीआर में आज दस्तक दे सकता है मानसून, आसपास के राज्यों को भी मिलेगी राहत
Monsoon 2021 Update: दिल्ली-एनसीआर में आज दस्तक दे सकता है मानसून, आसपास के राज्यों को भी मिलेगी राहत

नई दिल्ली [रणविजय सिंह]। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का पूर्वानुमान के बावजूद मानसून एक बार फिर दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा-पंजाब को गच्चा दे गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बावजूद शनिवार को भी मानसून दिल्ली-एनसीआर में नहीं पहुंचा। इस बीच पूरे दिन तेज धूप होने के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इस वजह से पूरे दिन लोग उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार रविवार को मानसून दिल्ली में दस्तक दे सकता है। इस वजह से दिल्ली के कई इलाकों में दो बार बारिश हो सकती है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। इस वजह से अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

कभी भी हो सकती है बारिश शुरू

मौसम विभाग ने ताजा यलो अलर्ट जारी करते हुए अगले 6 दिनों के दौरान बारिश की संभावना जताई है। कहा जा रहा है कि बंगाल की खाड़ी से चलकर आने वाली नम हवाएं दिल्ली-एनसीआर में पहुंच गई हैं। उम्मीद है कि दक्षिण पश्चिम मानसून दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा, पंजाब व राजस्थान के शेष भागों को भी कवर करेगा। ऐसे में मानसून का इंतजार कर रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों का इंतजार रविवार को खत्म हो सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार वर्ष 2006 में दिल्ली में नौ जुलाई को मानसून ने दस्तक दिया था। इसके बाद इस साल मानसून सबसे ज्यादा देर है। इसके पहले वर्ष 2012 में सात जुलाई को मानसून की पहली बारिश हुई थी। हालांकि, दक्षिण पश्चिम मानसून रविवार को दिल्ली पहुंचने का अनुमान है।

उधर, मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान नजफगढ़ में सबसे अधिक 40.7 डिग्री सेल्सियस, जाफरपुर में 40.4 डिग्री सेल्सियस व पूसा में 40.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि मौसम विभाग ने शनिवार को मानसून पहुंचने का अनुमान लगाया था।

हवा की गुणवत्ता संतोषजनक

दिल्ली एनसीआर में शनिवार को हवा की गुणवत्ता संतोषजनक रही। इस वजह से दिल्ली में एयर इंडेक्स 97, गाजियाबाद में 92, ग्रेटर नोएडा में 84, गुरुग्राम में 96 व नोएडा में 94 दर्ज किया गया। वहीं फरीदाबाद में एयर इंडेक्स 104 दर्ज किया गया। इस वजह से फरीदाबाद में हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी की रही।

chat bot
आपका साथी