Delhi Monsoon Date 2021: दिल्ली-एनसीआर में मानसून कब आएगा? पढ़िये- IMD के वैज्ञानिक का ताजा पूर्वानुमान

Delhi Monsoon Date 2021 मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दिल्ली और एनसीआर में अभी मानसून आने में 1 सप्ताह से 10 दिन तक इंतजार करना पड़ सकता है। फिलहाल मानसून पूर्व हो रही बारिश से हल्की-फुल्की राहत मिल सकेगी।

By Jp YadavEdited By: Publish:Thu, 17 Jun 2021 01:50 PM (IST) Updated:Thu, 17 Jun 2021 02:57 PM (IST)
Delhi Monsoon Date 2021: दिल्ली-एनसीआर में मानसून कब आएगा? पढ़िये- IMD के वैज्ञानिक का ताजा पूर्वानुमान
Delhi Monsoon Date 2021: दिल्ली-एनसीआर में मानसून कब आएगा? पढ़िये- IMD के वैज्ञानिक का ताजा पूर्वानुमान

नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। भीषण गर्मी और उमस का सामना कर रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों को बृहस्पतिवार सुबह हुई बारिश ने हल्की राहत जरूर दी है, लेकिन मानसून की झमाझम बारिश के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो देश की राजधानी दिल्ली के साथ-साथ पंजाब और हरियाणा में भी अभी मानसून की बारिश के लिए अनुकूल स्थिति नहीं बन रही है,  लेकिन गर्मी और उमस से पूरी तरह राहत के लिए कुछ दिनों का इंतजार करना पड़ेगा। मौसम विभाग की ओर ताजा जानकारी में कहा गया है बड़े पैमाने पर वर्तमान परिस्थितियां मानसून के राजस्थान, गुजरात के बाकी हिस्सों और पंजाब, हरियाणा व दिल्ली की ओर आगे बढ़ने के अनुकूल नहीं हैं। वहीं, प्रादेशिक मौसम विभाग के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव के मुताबिक, मानसून के दिल्ली-एनसीआर पहुंचने में 7 से 10 दिन तक का समय लग सकता है।

मध्य-अक्षांश पछुआ पवन के प्रतिकूल प्रभाव से मानसून हुआ प्रभावित

भारत मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव (Kuldeep Srivastava, Scientist D at India Meteorological Department, Delhi) का कहना है कि मध्य-अक्षांश पछुआ पवन के प्रतिकूल प्रभाव के चलते उत्तर-पश्चिम भारत के शेष हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने में देरी हो सकती है। स्थिति पर हम लगातार नजर बनाए हुए हैं। इसका प्रभाव दिल्ली-एनसीआर के मानसून पर भी पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में मानसून की झमाझम बारिश के लिए लोगों को थोड़ा औॅर इंतजार करना पड़ेगा।

एक सप्ताह बाद दिल्ली में दस्तक देगा मानसून

मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी दिल्ली और हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की-फुल्की बारिश तो हो रही है, लेकिन यहां पर ठीकठाक बारिश के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी मानसून आने में एक सप्ताह से 10 दिन तक इंतजार करना पड़ सकता है।

वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को राजधानी में दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 34.2 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 55 से 77 फीसद दर्ज किया गया। दिल्ली के विभिन्न इलाकों में पालम में अधिकतम तापमान 33.9, लोदी रोड में 34.4 और आया नगर में 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जहां तक बारिश का सवाल है तो शाम साढ़े पांच बजे तक पालम में 0.9 मिमी, नजफगढ़ में और पूसा में 0.5 तथा पीतमपुरा में सर्वाधिक 24.5 मिमी दर्ज की गई।

दिल्ली से बेहतर रही एनसीआर की हवा

बदलते मौसम के बीच बुधवार को दिल्ली से बेहतर एनसीआर के शहरों की हवा रही। दिल्ली की हवा मध्यम जबकि एनसीआर की संतोषजनक श्रेणी में दर्ज की गई। बृहस्पतिवार को भी इसमें खास बदलाव की संभावना नहीं है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर क्वालिटी इंडेक्स के अनुसार दिल्ली का एयर इंडेक्स बुधवार को 115 दर्ज किया गया। एनसीआर में शामिल गुरुग्राम का इंडेक्स 81, फरीदाबाद का 80, गाजियाबाद का 97, ग्रेटर नोएडा का 72 तथा नोएडा का 107 दर्ज किया गया।

इसे भी पढ़ेंः Delhi Metro: यात्री ध्यान दें, ग्रीन लाइन पर मेट्रो परिचालन के समय में बदलाव, ऑफिस जाने वालों पर पड़ेगा असर

chat bot
आपका साथी