ऑटो में बैठे दो दोस्तों पर बदमाशों ने चाकू से किए 20 से ज्यादा वार, वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद

बदमाशों ने आटो में बैठे दो दोस्तों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। चाकू से गोदने पर अभिमन्यु नाम के युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अभिषेक नाम का उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Tue, 13 Apr 2021 02:36 PM (IST) Updated:Tue, 13 Apr 2021 02:36 PM (IST)
ऑटो में बैठे दो दोस्तों पर बदमाशों ने चाकू से किए 20 से ज्यादा वार, वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद
पुरानी रंजिश में अनार गिरोह के बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। कल्याणपुरी इलाके में सोमवार देर रात छह से सात बदमाशों ने आटो में बैठे दो दोस्तों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। चाकू से गोदने पर अभिमन्यु नाम के युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अभिषेक नाम का उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में अभिषेक को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हत्या की वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बताया जा रहा है पुरानी रंजिश में अनार गिरोह के बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार अभिमन्यु त्रिलोकपुरी-पांच ब्लाक में रहता था। सोमवार देर रात वह अपने दोस्त अभिषेक के साथ घर के पास एक आटो में बैठा हुआ था, रात 1:57 पर छह से सात बदमाश आए और चाकू से दोनों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। बदमाशों ने अभिमन्यु पर 20 से अधिक वार किए, अभिषेक को भी कई चाकू मारे।

हत्या करने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अभिमन्यु के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बदमाशों की पहचान अभी नहीं हो पाई है, न ही हत्या के सही कारणों का पता चल पाया है।

रात्रि कर्फ्यू का उल्लंघन कर चल रही थी पार्टी, 27 गिरफ्तार

वहीं, कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली में लागू रात्रि कर्फ्यू का उल्लंघन कर लगातार पार्टी के आयोजन के मामले सामने आ रहे हैं। कालकाजी ई-ब्लाक स्थित चुंबकिया रेस्टारेंट में चल रही पार्टी पर एसडीएम और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारा। यहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। यहां मास्क व शारीरिक दूरी के नियम का भी पालन नहीं हो रहा था। पुलिस ने पार्टी में मौजूद 10 युवकों, छह युवतियों और मैनेजर सहित 11 कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया। बार के मालिक पर भी कार्रवाई की जा रही है।

chat bot
आपका साथी