दिल्ली नगर निगम का सफाईकर्मी निकला गांजा तस्कर, महिला मित्र के भाई की बात मानना पड़ा महंगा

दिल्ली नगर निगम में सफाईकर्मी के पद पर तैनात शख्स अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए गांजा तस्करी करने लगा। द्वारका जिला पुलिस के वाहन चोरी निरोधक दस्ते ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। इसका नाम सुखबीर है।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 04:12 PM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 04:12 PM (IST)
दिल्ली नगर निगम का सफाईकर्मी निकला गांजा तस्कर, महिला मित्र के भाई की बात मानना पड़ा महंगा
द्वारका जिला वाहन चोरी निराेधक दस्ता के हत्थे चढ़े दो तस्कर

नई दिल्ली [गौतम कुमार मिश्रा]। निगम में सफाईकर्मी के पद पर तैनात शख्स अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए गांजा तस्करी करने लगा। द्वारका जिला पुलिस के वाहन चोरी निरोधक दस्ते ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। इसका नाम सुखबीर है। इसके साथ ही एक और कैलाश नामक आरोपित को भी पुलिस ने दबोचा है। कैलाश ने पुलिस को बताया कि लाकडाउन के दौरान उसका काम छूट गया तो उसने तस्करी करनी शुरू कर दी। आरोपितों के पास से पुलिस ने एक स्कूटी और करीब चार किलोग्राम गांजा बरादम किया है।

द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार मीणा ने बताया कि वाहन चोरी निरोधक दस्ते को तस्करों के बारे में जानकारी मिली थी। प्राप्त जानकारी के आधार पर इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने नजफगढ़ रोड पर आरोपितों को दबोच लिया।

आरोपित सुखबीर से जब पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि वह शादीशुदा है, साथ ही उसकी एक महिला मित्र भी है। इस महिला मित्र का भाई गांजा तस्करी के काले धंधे में लिप्त है। उसी के कहने पर उसने यह धंधा शुरू कर दिया ताकि सभी की जरूरतें पूरी हो। अब पुलिस उस शख्स का पता लगाने में जुटी है जिससे आरोपितों ने गांजा खरीदा था। इस धंधे में और कौन कौन लिप्त है, पुलिस इसका भी पता लगा रही है।

हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार

वहीं, दक्षिणी दिल्ली जिला पुलिस की नारकोटिक्स स्क्वाड की टीम ने हमदर्द नगर इलाके से विदेशी ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपित चिडुबेम माइकल के पास से 152 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। आरोपित मूलरूप से नाइजीरिया का रहने वाला है और दिल्ली के महरौली में रहता है।

पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि 18 सितंबर को नारकोटिक्स टीम को सूचना मिली थी कि विदेशी तस्कर ड्रग्स की सप्लाई करने के लिए वायुसेनाबाद बस स्टैंड एमबी रोड हमदर्द नगर के पास आने वाला है। सूचना के बाद एसीपी विजेंद्र सिंह की देखरेख और इंस्पेक्टर सतवीर सिंह की टीम ने ट्रैप लगाकर उसे पकड़ लिया गया।

chat bot
आपका साथी