दिल्ली के आंनद विहार इलाके में सड़क पर चाकू से गोदकर महिला की हत्या

आंनद विहार इलाके में सोमवार रात बीच सड़क पर चाकू से गोदकर एक शख्स ने महिला की हत्या कर दी। वारदात के वक्त महिला अस्पताल से ड्यूटी पूरी कर घर लौट रही थी। मृतक की पहचान नीलम के रूप में हुई है।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Tue, 27 Jul 2021 12:57 PM (IST) Updated:Tue, 27 Jul 2021 12:57 PM (IST)
दिल्ली के आंनद विहार इलाके में सड़क पर चाकू से गोदकर महिला की हत्या
सड़क पर चाकू से गोदकर महिला की हत्या

 नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। आंनद विहार इलाके में सोमवार रात बीच सड़क पर चाकू से गोदकर एक शख्स ने महिला की हत्या कर दी। वारदात के वक्त महिला अस्पताल से ड्यूटी पूरी कर घर लौट रही थी। मृतक की पहचान नीलम के रूप में हुई है। आरोपित मौके से फरार हो पाता, मौके पर जुटी भीड़ ने आरोपित वेदपाल को पकड़कर जमकर पीट दिया। बाद में सूचना पर पहुँची पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 महिला ने कुछ दिनों पहले आरोपित के खिलाफ फर्श बाजार थाने में शिकायत दी थी, इसको लेकर महिला और आरोपित के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपित ने महिला की हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार नीलम परिवार के साथ न्यू संजय अमर कालोनी में रहती थी। वह दिल्ली हार्ट अस्पताल में सहायक की नौकरी करती थी। सोमवार रात आठ बजे नीलम ड्यूटी से घर लौट रही थी। जब वह आनंद विहार समुदाय केंद्र के पास पहुँची, पहले से वहां खड़े वेदपाल ने उनका रास्ता रोक लिया। चाकू से एक के बाद एक महिला पर कई वार किए। पुलिस का कहना है महिला और आरोपित करीब आठ साल से एक दूसरे को जानते थे, दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपित रिक्शा चालक है।

महिला को अश्लील वीडियो भेजने वाला धरा

वहीं, उत्तर पूर्वी जिले की साइबर सेल ने एक सिरफिरे युवक को गिरफ्तार किया है। युवक इंस्टाग्राम पर महिलाओं को अश्लील वीडियो भेजता था, महिलाएं विरोध करतीं तो वह उनके साथ गाली-गलौज करता। उनकी फोटो अश्लील साइट पर अपलोड करने की धमकी देता। पुलिस ने एक पीड़ित महिला की इंस्टाग्राम आइडी इस्तेमाल करके आरोपित को धर दबोचा। आरोपित की पहचान हरियाणा के फरीदाबाद निवासी गौरव गेरा के रूप में हुई है। पुलिस ने इसके पास से एक मोबाइल भी बरामद किया है। करावल नगर थाना पुलिस केस दर्ज कर आरोपित से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

जिला पुलिस उपायुक्त संजय कुमार सेन ने बताया कि 30 जून को करावल नगर की एक महिला ने पुलिस को शिकायत दी थी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ दिनों से इंस्टाग्राम पर एक युवक उसे अश्लील वीडियो भेज रहा है, उसके फोटो पर भद्दे कमेंट कर रहा है। साइबर सेल के एसआइ नरेश कुमार की देखरेख में एएसआइ सत्यवीर व कांस्टेबल नीलम की बनाई टीम ने अमेरिका स्थित फेसबुक के आफिस को पत्र भेजकर युवक के इंस्टाग्राम आइडी की जानकारी मांगी, वहां से पुलिस को एक आइपी नंबर मिला। जब पुलिस ने आइपी की जांच की तो एक ही आइपी 200 मोबाइल में था, पुलिस के लिए युवक तक पहुंच पाना बहुत मुश्किल था। 

chat bot
आपका साथी