करवा चौथ से पहले विधवा हुई सुहागिन, पत्नी से फोन पर बात कर रहे शख्स की चाकू घोंपकर हत्या

दिल्ली के पटेल नगर इलाके में घर जा रहे एक व्यक्ति की तीन बदमाशों ने चाकू से पेट फाड़कर हत्या कर दी। युवक की गलती सिर्फ इतनी थी कि उसने मोबाइल छीन रहे बदमाशों का विरोध किया था।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 11:28 AM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 11:28 AM (IST)
करवा चौथ से पहले विधवा हुई सुहागिन, पत्नी से फोन पर बात कर रहे शख्स की चाकू घोंपकर हत्या
चाकू से पेट फाड़कर युवक की हत्या

नई दिल्ली [धनंजय मिश्र]। राजधानी में अपराध की घटनाओं का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार की रात भी पटेल नगर इलाके में घर जा रहे एक व्यक्ति की तीन बदमाशों ने चाकू से पेट फाड़कर हत्या कर दी। युवक की गलती सिर्फ इतनी थी कि उसने मोबाइल छीन रहे बदमाशों का विरोध किया था। मामले में पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया।

पुलिस के मुताबिक 42 वर्षीय मनोज परिवार सहित बाबा फरीदपुरी इलाके में रहते थे। उनके परिवार में पत्नी सीमा, दो छोटे बच्चे 14 वर्षीय देव व छह वर्षीय ट्विंकल हैं। वह अपने घर से कुछ दूर स्थित इलेक्टिक सामान की दुकान पर काम करते थे। शुक्रवार की रात करीब सात बजे दुकान से निकलकर घर जाते समय वह पत्नी सीमा से फोन पर बात कर रहे थे। इसी बीच पटेल नगर इलाके में तीन बदमाशों ने उन्हें रोककर फोन व नकदी लूटने का प्रयास किया।

मनोज ने लूटपाट का जब विरोध किया तो उन्होंने चाकू से हमला कर उनका पेट फाड़ दिया। इससे मनोज आंतें बाहर आ गईं और वह तड़पने लगे। इस बीच बदमाश मोबाइल व नकदी लेकर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने दुकान मालिक श्रवण को घटना की जानकारी दी। उनकी सूचना पर पहुंचे मनोज के भाई मुकेश ने उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेज दिया गया। यहां डाक्टरों ने मनोज को मृत घोषित कर दिया।

मुकेश ने बताया कि मनोज हमेशा काम से देर रात ही आते थे, लेकिन शुक्रवार को उन्होंने पत्नी को फोन कर कहा था कि करवा चौथ के लिए कुछ खरीदारी करनी है। इसलिए जल्दी घर आकर दोनों बाजार जाएंगे। इसकी वजह से उनकी पत्नी घर पर उनका इंतजार कर रही थीं। इसी बीच उन्हें घटना की सूचना मिली। 

chat bot
आपका साथी