दहेज में मिली बाइक को ससुराल में किया आग के हवाले, पत्नी ने दर्ज करवाया केस

पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में एक शख्स ने ससुराल के बाहर दहेज में मिली बाइक में आग लगा दी। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया लेकिन उसकी यह करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Sun, 05 Dec 2021 07:33 PM (IST) Updated:Sun, 05 Dec 2021 07:33 PM (IST)
दहेज में मिली बाइक को ससुराल में किया आग के हवाले, पत्नी ने दर्ज करवाया केस
दहेज में मिली बाइक में लगाई आग, पत्नी ने दर्ज करवाया केस। प्रतीकात्मक फोटो

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में एक शख्स ने ससुराल के बाहर दहेज में मिली बाइक में आग लगा दी। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया, लेकिन उसकी यह करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। आरोपित की पत्नी ने जब फुटेज देखी तो वह आग बबूला हो गई, थाने पहुंचकर पति के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया। न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। पती-पत्नी के बीच पहले से ही विवाद चल रहा है, महिला ने पति के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म सहित कई धाराओं में केस दर्ज करवाया हुआ है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता अपने परिवार के साथ न्यू उस्मानपुर इलाके में रहती है। उनकी शादी वेलकम इलाके में रहने वाले एक युवक से हुई थी। दोनों के बीच विवाद चल रहा है, महिला ने वेलकम थाने में पति के खिलाफ पहले से कई केस करवाए हुए हैं। जिसकी जांच पुलिस कर रही है। इस दाैरान महिला ने अपने पति से दहेज की बाइक भी वापस ले ली। पीड़िता ने बाइक घर के बाहर खड़ी कर रखी थी, रात के वक्त अचानक किसी ने उसमें आग लगा दी।

शुरुआत में पता नहीं चल पाया किसने आग लगाई है, जब महिला ने घर के आसपास सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो उसके पति की करतूत सबके सामने आ गई। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

घर का ताला तोड़कर चोरों ने लगाई सेंध

वहीं, विवेक विहार इलाके में चोरों ने एक घर में सेंध लगा दी। चोर घर में रखी नकदी व गहनों पर हाथ साफ करके फरार होने लगे, उसी दौरान वहां परिवार की दो महिलाएं पहुंच गई। दोनों ने चोरों को देखकर शोर मचा दिया, महिलाएं उन्हें पकड़ पाती उससे पहले ही वह फरार हो गए। पीडि़ता शिखा के बयान पर पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार शिक्षा अपने परिवार के साथ ज्वाला नगर में रहती हैं। वह बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती हैं। उनके भाई नौकरी पर गए हुए थे, वह अपनी मां के साथ कुछ सामान लेने के लिए बाहर गई थीं।

chat bot
आपका साथी