दिल्ली के दयालपुर इलाके में महिला मित्र के घर पर मिला युवक का शव

पुलिस के अनुसार शुक्रवार दोपहर एक बजे एक घर में शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना देने वाले ने बताया कि उसका भाई अपनी एक महिला मित्र के घर पर गया था जहां उसका शव मिला है।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Sat, 17 Apr 2021 03:07 PM (IST) Updated:Sat, 17 Apr 2021 03:07 PM (IST)
दिल्ली के दयालपुर इलाके में महिला मित्र के घर पर मिला युवक का शव
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।

नई दिल्ली, जेएनएन। पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में एक युवक का शव पड़ोस में रहने वाली महिला मित्र के घर से बरामद हुआ। मृतक की पहचान इरफान के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंचा जा सकता, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर एक बजे एक घर में शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना देने वाले ने बताया कि उसका भाई अपनी एक महिला मित्र के घर पर गया था, जहां उसका शव मिला है। पुलिस को जांच में पता चला है कि इरफान अपने परिवार के साथ न्यू मुस्तफाबाद इलाके में रहते थे। परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा है। वह खजूरी खास इलाके में जैकेट की फैक्ट्री चलाते थे। मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि इरफान गुरुवार रात को अपने घर नहीं गए। स्वजन को लगा कि वह फैक्ट्री में होंगे।

महिला मित्र ने ही दी सूचना

शुक्रवार सुबह 11:30 बजे इरफान की महिला मित्र ने अपने एक दोस्त को फोन करके सूचना दी कि इरफान बीमार हैं। उसने इस बात की जानकारी इरफान के स्वजन को दी। मौके पर स्वजन जब पहुंचे तो इरफान को मृत पाया।

घर में मिला बुजुर्ग महिला का शव

वहीं, न्यू उस्मानपुर इलाके में एक घर में 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान लक्ष्मी देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया है। केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार लक्ष्मी अपने बेटे के साथ ब्रह्मपुरी गली नंबर-10 में रहती थी। उनके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं, उनके तीन बच्चों की शादी हो गई है जो अपने परिवार के साथ अलग रहते हैं। कई वर्ष पहले उनके पति की मौत हो गई थी। वह अपने बेटे संजय के साथ घर में रह रही थी। संजय मानसिक रूप से ठीक नहीं है। उसे नशा करने की आदत है। पड़ोसी ही दोनों को खाना देते थे।

गुरुवार को पुलिस को पड़ोसियों ने सूचना दी कि लक्ष्मी के घर से बदबू आ रही है। पुलिस मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़कर अंदर गई तो देखा लक्ष्मी का शव बेड पर पड़ा हुआ है, जबकि संजय दूसरे कमरे में नशे की हालत में पड़ा था। पुलिस ने बताया कि शव को देखने पर लग रहा था जैसे कई दिनों पहले लक्ष्मी की मौत हुई है। नशा करने की वजह से संजय को कुछ पता भी नहीं है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में आकस्मिक मृत्यु लग रही है।

chat bot
आपका साथी