बिकी संपत्ति को गिरवी रखकर लिया दो करोड़ का कर्ज, दो बैंकों में संपत्ति पर कब्जे को लेकर विवाद

पहले ही बेच दी गई संपत्ति पर अलग-अलग बैंकों से दो करोड़ रुपये का कर्ज लेने के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को जेल से गिरफ्तार किया है। यह आरोपित हत्या के मामले में सजा काट रहा है।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 02:54 PM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 02:54 PM (IST)
बिकी संपत्ति को गिरवी रखकर लिया दो करोड़ का कर्ज, दो बैंकों में संपत्ति पर कब्जे को लेकर विवाद
बिकी संपत्ति को गिरवी रखकर लिया था दो करोड़ का कर्ज, गिरफ्तार

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। पहले ही बेच दी गई संपत्ति पर अलग-अलग बैंकों से दो करोड़ रुपये का कर्ज लेने के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को जेल से गिरफ्तार किया है। यह आरोपित हत्या के मामले में सजा काट रहा है। पुलिस ने अदालत की अनुमति लेकर शाहदरा निवासी आरोपित अजय शर्मा को जेल से गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस उसके साथी अरुण कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अतिरिक्त आयुक्त आरके सिंह ने बताया कि बैंक आफ महाराष्ट्र के प्रबंधक की तरफ से आर्थिक अपराध शाखा को शिकायत दी गई थी। इसमें बताया गया कि नवंबर 2012 में अरुण कुमार शर्मा ने अपनी कंपनी के लिए दो करोड़ रुपये का कर्ज लिया था।

इसके लिए उन्होंने शाहदरा स्थित एक संपत्ति को गिरवी रखा था। यह संपत्ति उनके रिश्तेदार अजय शर्मा की थी। कर्ज लेने के बाद आरोपितों ने न तो किस्त दी और न ही रकम लौटाई। ऐसे में उस संपत्ति को बैंक ने अपने कब्जे में लेने की प्रक्रिया शुरू की। इसी बीच बैंक को पता चला कि आरोपित ने सेंट्रल बैंक आफ इंडिया से भी इसी संपत्ति को गिरवी रख कर कर्ज लिया है। ऐसे में दोनों बैंकों में संपत्ति पर कब्जे को लेकर विवाद हो गया।

पहले ही बेच चुके थे संपत्ति

आर्थिक अपराध शाखा की जांच के दौरान पता चला कि आरोपितों ने यह संपत्ति सात दिसंबर 2011 को ही बलदेव राज नामक व्यक्ति को बेच दी थी। अरुण कुमार व अजय शर्मा ने फर्जी कागजात तैयार कर बैंकों के साथ फर्जीवाड़ा किया। इस मामले में पुलिस ने 15 जुलाई को शाहदरा निवासी आरोपित अरुण कुमार को गिरफ्तार कर लिया था।

पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि अजय शर्मा पहले से हत्या के एक मामले में मंडोली जेल में बंद है। इस जानकारी पर अदालत की अनुमति लेने के बाद पुलिस टीम ने आरोपित अजय शर्मा को जेल से ही गिरफ्तार कर लिया गया है।

chat bot
आपका साथी