Delhi Nagar Nigam by-Election 2021: निगम उपचुनाव में 50.86 फीसद मतदान, 3 मार्च को होगी मतों की गिनती

Delhi Nagar Nigam by-Election 2021 पूर्वी और उत्तरी दिल्ली नगर निगम की पांच सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान हो गया। मतदाता वोट देने पहुंचे। सभी मतदान केंद्रों पर मास्क और सैनिटाइजर की पूरी व्यवस्था की गई थी।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Sun, 28 Feb 2021 07:56 AM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 03:58 PM (IST)
Delhi Nagar Nigam by-Election 2021: निगम उपचुनाव में 50.86 फीसद मतदान, 3 मार्च को होगी मतों की गिनती
कल्याणपुरी स्थित बूथ पर मतदान के लिए लाइन में लगे लोग।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। राष्ट्रीय राजधानी में उत्तरी व पूर्वी दिल्ली नगर निगम के पांच वार्डो के लिए रविवार को हुए उपचुनाव में 50.86 फीसद मतदान हुआ। इसके तहत उत्तरी दिल्ली नगर निगम के दो रोहिणी सी व शालीमार बाग उत्तरी और पूर्वी दिल्ली नगर निगम के त्रिलोकपुरी, कल्याणपुरी व चौहान बांगर वार्ड में मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। उत्तरी निगम के दोनों वार्डो के मतदाताओं में उत्साह कम रहा। इसलिए मतदान 45 फीसद से कम हुआ, जबकि पूर्वी दिल्ली नगर निगम के तीनों वार्डो में 56.92 फीसद मतदान हुआ। तीन मार्च को मतगणना होगी, उसी दिन परिणाम घोषित होंगे।

पांचों वार्ड में कुल दो लाख 42 हजार 414 मतदाता हैं। इनमें से एक लाख 23 हजार 299 मतदाताओं ने मतदान किया। कल्याणपुरी वार्ड में सबसे अधिक 59.19 फीसद मतदान हुआ। शालीमार बाग उत्तरी वार्ड में सबसे कम 43.23 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दिल्ली राज्य चुनाव आयोग के सचिव संदीप मिश्र ने कहा कि ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण चुनाव में व्यवधान की कोई शिकायत नहीं आई। 2017 में निगम के चुनाव में उत्तरी दिल्ली नगर निगम के तीन वार्ड में आप के उम्मीदवार विजयी रहे थे, जो बाद में विधायक बने। वहीं, उत्तरी दिल्ली के रोहिणी सी वार्ड से बीएसपी के जयभगवान विजयी रहे थे, जो बाद में आप में शामिल हो गए। दिल्ली विधानसभा चुनाव में वह भी विधायक बन गए। सिर्फ शालीमार बाग उत्तरी वार्ड में भाजपा उम्मीदवार जीता था।

Delhi MCD Bypolls 2021: 

महिला वोटरों में उत्साह

महिला वोटरों में उत्साह देखा गया। सुबह से काफी संख्या में महिलाएं मतदान केंद्र पहुंचकर लोकतंत्र के पर्व में बढ़चढ़ कर हिस्सा लींं। शालीमार बाग में अपने माता पिता के साथ पहली बार मतदान करने के बाद मिशिका बहुत खुश हैं।

76 वर्ष की महिला ने भी डाला वोट

त्रिलोकपुरी निवासी ज्ञानवती कहती है कि मेरी उम्र 76 वर्ष है। उम्र के इस पड़ाव में न जाने कितनी सरकारों को बनते और बिगड़ते देखा है। चुनाव के कई रंग देख चुकी हूं। आज उपचुनाव है अपने क्षेत्र के लिए एक बेहतर उम्मीदवार को चुनने का एक फिर मौका मिल रहा है । वार्ड में हर स्तर पर काम करने वाले उम्मीवार को वोट किया है।

सभी लोग करें मतदान

त्रिलोपुरी ब्लाक -7 निवासी परमेश्वर दास कहते हैं, हम सभी को मतदान जरूर करना चाहिए, ताकि हम अपने वार्ड के लिए जवाबदेह जनप्रतिनिधि चुन सके। हमें जनप्रतिनिधि को चुनना है जो हमारे क्षेत्र का विकास कर सके।

तनु कुमारी ने पहली बार किया मतदान

त्रिलोकपुरी ब्लाक - 17 निवासी तनु कुमारी के उत्साह और खुशी के साथ मतदान केंद्र अपनी मां और बड़ी बहन के साथ पहुंची। पहली बार मतदान करने की चमक चेहरे से स्पष्ट ही झलक रही थी। तनु ने बताया कि घर मोहल्ले में वोट देने जाते समय देखकर मेरा भी मन होता था कि मैं बड़े होने के बाद वोट दूंगी। उन्होंने कहा कि मैं अब 18 वर्ष की हो गई हूं और मुझे निगम के उपचुनाव में पहली बार वोट डालने का मौका मिला है । मैंने ऐसे उम्मीदवार को वोट दिया है जो हमारे त्रिलोकपुरी क्षेत्र का विकास करेगा ।

मतदान करने के लिए आ रहे मतदाताओं का कहना है कि दंगे व मरकज़ पर ताला लगने के बाद दिल्ली में यह पहला चुनाव है। यह दोनों मुद्दे यहां के मतदाताओं के लिए महत्वपूर्ण है, दंगे में विशेष वर्ग को बदनाम किया गया। जबकि कोरोना के नाम पर जमातियों को बदनाम किया गया, सरकार का आदेश था जो जहां है वही रहेगा। विदेशी जमाती वीजा लेकर देश में आए थे, घुसपैठ करके नहीं आए थे। पुलिस ने उन्हें जेल में डाल दिया। इस वार्ड में सफाई मुद्दा नहीं है, क्योंकि पूरे साल निगम बजट का रोना रोता है। युवा मतदाता से लेकर बुज़ुर्ग तक दंगे व तब्लीगी मरकज़ के मुद्दे पर वोट कर रहे है।

बुधवार को होगी मतगणना

अधिकारियों ने बताया कि दोनों सीटों पर मतदान के लिए कुल एक हजार 11 कर्मचारियों को लगाया है। मतदान के लिए 18 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। रविवार को मतदान के बाद बुधवार तीन मार्च को मतों की गणना की जाएगी। रोहिणी वार्ड के मतों की गणना सेक्टर 23 स्थित स्कूल आफ एक्सीलेंस में किया जाएगा वहीं शालीमार बाग वार्ड के मतों की गणना क्षेत्र के बीटी ब्लाक स्थित एमसीडी स्कूल में किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी