चिराग के चचेरे भाई प्रिंस राज की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, युवती ने लगाया यौन शोषण का आरोप

Prince Raj Controversy एक युवती ने दिल्ली पुलिस में शिकायत देकर बिहार के समस्तीपुर से लोकसभा सांसद प्रिंस राज पर यौन शौषण का सनसनीखेज आरोप लगाया है। युवती ने एलजेपी सांसद पर शादी करने का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है।

By Jp YadavEdited By: Publish:Wed, 16 Jun 2021 01:37 PM (IST) Updated:Wed, 16 Jun 2021 01:37 PM (IST)
चिराग के चचेरे भाई प्रिंस राज की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, युवती ने लगाया यौन शोषण का आरोप
चिराग के चचेरे भाई प्रिंस राज की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, युवती ने लगाया यौन शोषण का आरोप

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। लोक जनशक्ति पार्टी में बड़ी फूट के एक सप्ताह के भीतर ही एक सांसद प्रिंस राज बड़े संकट में घिरते नजर आ रहे हैं। एक युवती ने दिल्ली पुलिस में शिकायत देकर बिहार के समस्तीपुर से लोकसभा सीट से LJP सांसद प्रिंस राज पर यौन शौषण का सनसनीखेज आरोप लगाया है। युवती ने एलजेपी सांसद पर शादी करने का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने युवती की शिकायत सुनी है, लेकिन अब तक FIR दर्ज नहीं की है। बताया जा रहा है कि मामला हाईप्रोफाइल होने के चलते दिल्ली पुलिस पूरी मामले की बारीकी से जांच कर रही है। कानून पहलुओं का बारीकी से अध्ययन करने के बाद ही केस दर्ज किया जाएगा या नहीं? इस पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ही निर्णय लेंगे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक. सांसद के खिलाफ नई दिल्ली के कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन में लड़की ने शिकायत दर्ज कराई है।

गौरतलब है कि प्रिंस राज चिराग पासवान के दिवंगत चाचा रामचंद्र पासवान के बेटे हैं। पिछले साल ही रामचंद्र पासवान के निधन के बाद खाली हुई समस्तीपुर लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर बेटे प्रिंस राज सांसद बने हैं। प्रिंस राज दरअसल, चिराग पासवान के चचेरे भाई है, इसलिए मीडिया में सुर्खियों में रहते हैं। कहा जाता है कि प्रिंस राज और चिराग पासवास के रिश्ते बहुत अच्छे हैं। 

शिकायत लेकर दिल्ली के कनॉट प्लेस पहुंची युवती का आरोप है कि शादी का झांसा देकर प्रिंस राज ने उसका यौन शोषण किया गया और वीडियो भी बनाया गया। दिल्ली पुलिस युवती की शिकायत पर अभी तक FIR दर्ज नहीं है। युवती का यहां तक कहना है कि वह 15 दिन से थाने के चक्कर लगा रही है।  उसका कहना है कि कनॉट प्लेस में पुलिस के पास एफआईआर दर्ज कराने जाती हूं तो प्रिंस राज के वर्तमान सांसद होने का हवाला देकर केस दर्ज करने से इनकार कर दिया जाता है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने अब तक इस पर कोई भी आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।

chat bot
आपका साथी