नेता प्रतिपक्ष व भाजपा विधायक को दिल्ली पुलिस ने डेढ़ घंटे थाने में बैठाया, जानिए- पूरा मामला

मिली जानकारी के मुताबिक नेता प्रतिपक्ष बिधूड़ी व विधायक जितेंद्र महाजन के साथ शुक्रवार की दोपहर बाद शाहदरा जिलाधिकारी के पास जा रहे थे।

By JP YadavEdited By: Publish:Sat, 23 May 2020 08:13 AM (IST) Updated:Sat, 23 May 2020 08:13 AM (IST)
नेता प्रतिपक्ष व भाजपा विधायक को दिल्ली पुलिस ने डेढ़ घंटे थाने में बैठाया, जानिए- पूरा मामला
नेता प्रतिपक्ष व भाजपा विधायक को दिल्ली पुलिस ने डेढ़ घंटे थाने में बैठाया, जानिए- पूरा मामला

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली में शुक्रवार को अजब मामला पेश आया जब भाजपा के दो विधायकों को पुलिस ने डेढ़ घंटे तक थाने में बिठाए रखा। मिली जानकारी के मुताबिक, राशन वितरण में गड़बड़ी की शिकायत लेकर जिलाधिकारी कार्यालय जा रहे नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी और बदरपुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक के साथ रोहतास नगर सीट से विधायक जितेंद्र महाजन को हिरासत में ले लिया गया। करीब डेढ़ घंटे तक थाने में बैठाए रखने के बाद पुलिस ने ज्ञापन लेकर दोनों नेताओं को छोड़ दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक नेता प्रतिपक्ष बिधूड़ी व विधायक जितेंद्र महाजन के साथ शुक्रवार की दोपहर बाद शाहदरा जिलाधिकारी के पास जा रहे थे। लेकिन, जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचने से पहले ही पुलिस ने दोनों विधायकों सहित अन्य कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और ज्योति नगर थाने ले गए। करीब डेढ़ घंटे तक थाने में रहने के बाद पुलिस अधिकारियों ने ज्ञापन लेकर दोनों को रिहा कर दिया।

वहीं, विधायक रामवीर सिंह बिधूड़ी का कहना है कि दिल्ली हाई कोर्ट की डबल बेंच ने दिल्ली सरकार को हर हाल में शुक्रवार तक ई-कूपन धारियों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराने के लिए कहा है। हालांकि दिल्ली सरकार ऐसा करने में विफल रही है, जो अदालत की अवमानना है।

राम वीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने दिल्ली के 72 लाख लोगों के लिए मुफ्त 8 किलो गेहूं, 2 किलो चावल और एक किलो दाल भेजी, लेकिन केजरीवाल सरकार उसे भी बांटने में विफल रही। केंद्र से यह राशन तीन महीने तक मिलना है। राशन नहीं मिलने की वजह से हजारों की संख्या में प्रवासी कामगार दिल्ली से पलायन कर रहे हैं। हिरासत की सूचना मिलते ही मौके पर विधायक अजय महावर व पूर्व महापौर दिव्य जयसवाल पहुंचे। लॉकडाउन जारी रहने के दौरान यह पहला मामला है, जब किसी नेता को इस तरह थाने में बिठाए रखने की घटना सामने आई हो।

chat bot
आपका साथी