जानिए डाक्टरों ने डेंगू का संक्रमण बढ़ने के पीछे क्या वजह बताई? कब तक रहेगा संक्रमण का खतरा

मौसम में होने वाले बदलाव व अधिक बारिश से डेंगू के मच्छरों की उत्पत्ति व वायरल बीमारियों का चक्र भी बदल रहा है। ऐसे में इस बार डेंगू का संक्रमण अधिक समय तक बरकरार रह सकता है। अब अस्पताल में मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है।

By Vinay Kumar TiwariEdited By: Publish:Tue, 26 Oct 2021 01:26 PM (IST) Updated:Tue, 26 Oct 2021 01:26 PM (IST)
जानिए डाक्टरों ने डेंगू का संक्रमण बढ़ने के पीछे क्या वजह बताई? कब तक रहेगा संक्रमण का खतरा
राजधानी में डेंगू का संक्रमण बढ़ता जा रहा है।

नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। राजधानी में डेंगू का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। डेंगू का संक्रमण बढ़ने का सबसे बड़ा कारण थोड़े-थोड़े समय के अंतराल पर होने वाली बारिश है। डाक्टर कहते हैं कि मौसम में होने वाले बदलाव व अधिक बारिश से डेंगू के मच्छरों की उत्पत्ति व वायरल बीमारियों का चक्र भी बदल रहा है। ऐसे में इस बार डेंगू का संक्रमण अधिक समय तक बरकरार रह सकता है। सामान्य तौर पर डेंगू का संक्रमण अक्टूबर अंत तक कम होने लगता है और नवंबर के दूसरे सप्ताह तक मामले काफी हद तक खत्म हो जाते हैं।

डाक्टर कहते हैं कि इस बार डेंगू का संक्रमण नवंबर के अंत तक रह सकता है। लोकनायक अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डा. सुरेश कुमार ने कहा कि अभी डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया व वायरल बुखार के 50 से 60 मरीज रोज अस्पताल पहुंच रहे हैं। पहले डेंगू व चिकनगुनिया जैसी मच्छरजनित बीमारियां दीपावली के बाद खत्म हो जाती थीं। इस बार ऐसा संभव नहीं दिख रहा है, क्योंकि अभी मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। इसका कारण वातावरण में आया बदलाव हो सकता है। इस बार बारिश देर से शुरू हुई और अधिक समय तक मानसून सक्रिय रहा। मानसून जाने के बाद भी रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इन दिनों मच्छरों की उत्पत्ति भी अधिक हो रही है। लिहाजा इस बार डेंगू का संक्रमण भी दीपावली के बाद एक माह तक रह सकता है। इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

मणिपाल अस्पताल के मेडिसिन विभाग की विशेषज्ञ डा. चारु गोयल ने कहा कि डेंगू के मरीजों से अस्पताल भरा हुआ है। कई मरीजों को 104 डिग्री से लेकर 105 डिग्री फारेनहाइट तक बुखार होता है। कुछ मरीजों के फेफड़े में पानी भरने से सांस की परेशानी भी देखी गई है। बार-बार बारिश होने से कहीं-कहीं पानी भी जमा हो रहा है। निर्माणाधीन साइटों पर भी पानी जमा हो रहा है। ऐसी स्थिति में मच्छर अधिक पनपेंगे।

दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष डा. अजय लेखी ने कहा कि यदि अगले कुछ दिनों में और बारिश हुई तो परेशानी ज्यादा बढ़ जाएगी। लोग यह न सोचें कि थोड़े दिन में ठंड बढ़ने पर डेंगू पूरी तरह खत्म हो जाएगा। बचाव के लिए सतर्क रहें और मच्छरों की उत्पत्ति न होने दें। मौजूदा मौसम डेंगू के मच्छरों के लिए बेहद अनुकूल है। डाक्टरों के अनुसार डेंगू का मच्छर 15 से 35 डिग्री सेल्सियस तापमान में सक्रिय रह सकता है, लेकिन 20 से 32 डिग्री तापमान उसके लिए बेहद उपयुक्त होता है।

chat bot
आपका साथी