Holi 2019 Celebrations: खूब खेलें रंग, आज नहीं सताएगी ठंड; मौसम भी देगा साथ

दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे देश में होली धूमधाम से मनाई जा रही है। दिल्ली-एनसीआर में गर्मी की दस्तक का अहसास होने लगा है। ऐसे में होली मनाने के दौरान ठंड का अहसास नहीं होगा।

By JP YadavEdited By: Publish:Thu, 21 Mar 2019 09:11 AM (IST) Updated:Thu, 21 Mar 2019 11:10 AM (IST)
Holi 2019 Celebrations: खूब खेलें रंग, आज नहीं सताएगी ठंड; मौसम भी देगा साथ
Holi 2019 Celebrations: खूब खेलें रंग, आज नहीं सताएगी ठंड; मौसम भी देगा साथ

नई दिल्ली, जेएनएन। होली पर रंग खेलने में इस बार मौसम बाधा नहीं बनेगा। पिछले साल की तरह होली पर ठंड नहीं रहेगी। बृहस्पतिवार को मौसम साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 33 जबकि न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहेगा। आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दिल्ली-एनसीआर में गर्मी की दस्तक का अहसास होने लगा है। ऐसे में होली मनाने के दौरान ठंड का अहसास नहीं होगा।

2018 में होली 2 मार्च, 2017 में 12 मार्च को थी और 2016 में 24 मार्च को आई थी। पिछले साल होली वाले दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास था। 2017 में 24 डिग्री सेल्सियस रहा था। हालांकि 2016 में होली काफी देरी से 24 मार्च को आई थी, इसलिए गर्मी भी काफी थी और इस दिन भी होली का लोगों ने जमकर मजा लिया था। 2016 में होली पर तापमान करीब 33 डिग्री तक रहा था। वहीं 2015 में होली 6 मार्च को आई और तापमान महज 27 डिग्री रहा। जिसकी वजह से लोग पानी वाली होली से दूर रहे। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस था।

दोपहर दो बजे तक आज नहीं चलेंगी बसें

होली के दिन 21 मार्च को दिल्ली और एनसीआर में दोपहर दो बजे तक बस सेवा बंद रहेगी। दो बजे के बाद 60 एसी बसें सड़क पर उतरेंगी। इसमें ज्यादातर बसें एयरपोर्ट मार्ग से संबंधित होंगी। इसके अलावा अन्य नॉनएसी बसें चलाई जाएंगी।

होली पर रंग खेलने के लिए दौरान अगर सड़क पर बाइक या कार से स्टंट किया गया तो चालक के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ वाहन मालिक के खिलाफ भी यातायात पुलिस की ओर से कार्रवाई की जाएगी, वहीं थाना पुलिस भी इस बात पर नजर रखेगी कि सड़क पर कोई खतरनाक तरीके से वाहन न चलाए और स्टंट न करे। अगर किसी नाबालिग को वाहन चलाते पकड़ा गया तो उसके मालिक के खिलाफ कार्रवाई होगी।

दिल्ली यातायात पुलिस के संयुक्त आयुक्त के. जगदीशन ने बताया कि होली पर रंग खेलने के दौरान मस्ती में युवा मुख्य सड़कों पर भी वाहनों को गलत तरीके से चलाते हैं, जिससे वे स्वयं को नुकसान पहुंचाने के साथ दूसरों के लिए भी खतरा बनते हैं। होली के त्योहार पर सड़क हादसों को रोकने के लिए स्टंट करने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। इसके लिए दो सौ से अधिक स्थानों पर यातायात पुलिस की टीमें तैनात रहेंगी। खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ स्थानीय पुलिस कार्रवाई करेगी।

दिल्ली-एनसीआर की महत्वपूर्ण खबरें पढ़ें यहां, बस एक क्लिक पर

chat bot
आपका साथी