Farmer Protest: दिल्लीवालों की क्या गलती है? सरकार व प्रदर्शनकारियों के बीच पिस रही जनता

क्या किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन के लिए प्रदर्शनकारियों को दिल्ली में ही कोई अलग स्थान नहीं उपलब्ध कराया जाना चाहिए? क्या दिल्लीवालों की परेशानियों को दरकिनार कर प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति दिया जाना उचित है?

By Mangal YadavEdited By: Publish:Wed, 28 Jul 2021 03:31 PM (IST) Updated:Wed, 28 Jul 2021 03:31 PM (IST)
Farmer Protest: दिल्लीवालों की क्या गलती है? सरकार व प्रदर्शनकारियों के बीच पिस रही जनता
सरकार व प्रदर्शनकारियों के बीच पिस रही जनता file photo

 नई दिल्ली। दिल्ली में जब भी संसद चलती है, जंतर-मंतर पर प्रदर्शनों के कारण दिल्लीवासियों को प्रतिदिन यातायात जाम की गंभीर स्थिति का सामना करना पड़ता है। इस बार तो अति हो गई है, कृषि कानून विरोधी प्रदर्शनकारी जो पिछले कई महीनों से दिल्ली की सीमाओं पर प्रमुख मार्गो पर कब्जा जमाकर बैठे हैं, दिल्ली व एनसीआर के लोगों को जिनके कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, उन्हें स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले 200 की संख्या में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति दे दी गई। अब इनके प्रदर्शन और इन्हें सिंघु बार्डर से लाने व ले जाने के दौरान यातायात जाम की स्थिति पैदा हो रही है।

वहीं सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा की गई बैरिकेडिंग भी यातायात जाम की वजह बन रही है। मध्य दिल्ली में यातायात जाम लगने के कारण दिल्ली के दूसरे प्रमुख मार्गो पर ट्रैफिक थमने की स्थिति पैदा हो जाती है। यह सही है कि अपने मुद्दों को लेकर आवाज उठाना हर किसी का संवैधानिक अधिकार है, इसके लिए अनुमति भी दी जानी चाहिए, लेकिन इसके लिए कोई ऐसा स्थान तय किया जाना चाहिए, जहां जाम की स्थिति पैदा न हो। यदि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से दिल्लीवालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तो इसे कैसे उचित ठहराया जा सकता है। आखिर दिल्लीवालों की क्या गलती है?

सूझबूझ और उचित कार्रवाई से ही बनेगी बात

प्रदर्शन के कारण यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए रूट डायवर्जन किया जाता है। अगर प्रदर्शन करने की वजह से यातायात प्रभावित हो रहा है तो इसके पीछे यातायात प्रबंधन में कमी भी एक वजह हो सकती है। हालांकि, प्रगति मैदान के पास कई सालों से चल रहा निर्माण कार्य, सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट सहित कुछ अन्य कारण भी हैं, जो मौजूदा समय में सामूहिक तौर पर यातायात जाम की वजह बन रहे हैं। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की स्थिति में बेहतर यातायात प्रबंधन किए जाने की आवश्यकता है। प्रदर्शनकारियों की वजह से टालस्टाय मार्ग और जंतर-मंतर रोड को बंद कर दिया गया है, इसलिए यहां से गुजरने वाले वाहनों को दूसरे मार्गो जैसे जय सिंह रोड, मान सिंह रोड और जनपथ रोड पर डायवर्ट करके निकालना चाहिए। कई बार यातायात नियमों को तोड़ने वालों की वजह से भी जाम लगता है। ऐसे लोगों पर कार्रवाई कर समस्या का समाधान किया जा सकता है।

chat bot
आपका साथी