रसूख के नशे में 5 स्टार होटल के बाहर निकाली पिस्टल, जाने- कौन है आशीष पाण्डेय

आशीष के पिता राकेश पाण्डेय अंबेडकरनगर के जलालपुर से समाजवादी पार्टी से विधायक रहने के बाद अंबेडकरनगर से बहुजन समाज पार्टी से सांसद रहे हैं।

By Amit MishraEdited By: Publish:Tue, 16 Oct 2018 04:15 PM (IST) Updated:Tue, 16 Oct 2018 08:12 PM (IST)
रसूख के नशे में 5 स्टार होटल के बाहर निकाली पिस्टल, जाने- कौन है आशीष पाण्डेय
रसूख के नशे में 5 स्टार होटल के बाहर निकाली पिस्टल, जाने- कौन है आशीष पाण्डेय

नई दिल्ली, जेएनएन। बहुजन समाज पार्टी (BSP) के पूर्व सांसद राकेश पाण्डेय के बेटे आशीष पाण्डेय का एक वीडियो वायरल हुआ है। आशीष दिल्ली के 5 स्टार होटल हयात रीजेंसी में एक कपल को पिस्टल के साथ धमकाता नजर आ रहा है। मामला 14 अक्टूबर का है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आखिर कौन ये आशीष पाण्डेय और क्या है इसकी राजनीतिक पृष्ठभूमि ये हम आपको बताते हैं।

राजनीतिक पृष्ठभूमि

दरअसल, आशीष पाण्डेय पर राजनीतिक रसूख का नशा सवार है। अंबेडकरनगर में सूर्या कंस्ट्रक्शन फर्म से ठेकेदारी करने वाले आशीष के एक चाचा शिवसेना से विधायक रहे थे तो छोटा भाई अब बसपा से विधायक है। एक चाचा कांग्रेस में नेता हैं। आशीष पहले अकबपुर में डालडा मिल का काम देखता था। अब सूर्या कंस्ट्रक्शन फर्म के जरिए ठेकेदारी करता है।

आपराधिक रिकॉर्ड 

आशीष के पिता राकेश पाण्डेय अंबेडकरनगर के जलालपुर से समाजवादी पार्टी से विधायक रहने के बाद अंबेडकरनगर से बहुजन समाज पार्टी से सांसद रहे हैं। आशीष का छोटा भाई रितेश पाण्डेय फिलहाल जलालपुर से बहुजन समाज पार्टी से विधायक है। इनके चाचा पवन पाण्डेय अकबरपुर से शिवसेना के विधायक रहे हैं। वह प्रदेश की राजनीति में चर्चित नाम हैं। इनके साथ आशीष के सबसे छोटे चाचा कृष्ण कुमार पाण्डेय 'कक्कू' कांग्रेस के नेता हैं। आशीष के लंबे राजनैतिक परिवार में पवन पाण्डेय व कक्कू पाण्डेय का ही आपराधिक रिकॉर्ड है।

बाहुबली नेता

आशीष के चाचा पवन पाण्डेय उत्तर प्रदेश के बाहुबली नेताओं में गिने जाते हैं। पवन पाण्डेय शिवसेना से विधायक रहे चुके हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में सुल्तानपुर से बसपा उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़े थे, लेकिन भाजपा उम्मीदवार वरुण गांधी के हाथों हार गए थे। पवन पाण्डेय की सुल्तानपुर से लेकर फैजाबाद तक दबंगई चलती है।

पार्टी बदलने का इतिहास

आशीष के पिता राकेश पाण्डेय पहली बार सपा से जलालपुर विधानसभा से विधायक चुने गए थे। इसके बाद उन्होंने बसपा का दामन थाम लिया और बसपा से भी जीतने में सफल रहे, 2007 में सपा के शेर बहादुर से हार गए। इसके बाद 2009 में अकबरपुर से लोकसभा सासंद बने। 2014 में मोदी लहर में वो नहीं जीत सके।

कारोबार देखता है आशीष 

आशीष पाण्डेय मूलत: अंबेडकरनगर के जलालपुर क्षेत्र का रहने वाला है। फिलहाल लखनऊ में रहता है। गोमती नगर और हजरतगंज में इसके और परिवार के लोगों के मकान हैं। आशीष सियासत में कदम रखने के बजाय पिता के कारोबार को देखता है। वह शराब और रियल स्टेट का कारोबार करता है। इसके अलावा अकबरपुर इलाके में राइस मिल, वनस्पति-रिफाइन ऑयल फैक्ट्री, स्टील फैक्ट्री और ईंट भट्टे का कारोबार है।

देहरादून से की है पढ़ाई

आशीष इन्हीं कारोबार को संभालता है। अशीष पाण्डेय ने पढ़ाई मार्शल स्कूल देहरादून से की है। शुरू से ही शौकीन मिजाज का माना जाता है। 2006 में राकेश पाण्डेय जब विधायक थे, उस दौरान उसने विदेशी बाइक खरीदी थी। दारुल सफा में इस बाइक को देखने के लिए भीड़ जुट गई थी।  

chat bot
आपका साथी