Kisan Andolan: नियम कानूनों को पूरी तरह से ठेंगा दिखा रहे सीमा पर बैठे आंदोलनकारी किसान, पढ़िए कैसे

कुंडली बार्डर पर चल रहा आंदोलन जारी है। अब ये 133वें दिन में पहुंच गया है। आंदोलन शुरु करने के दौरान किसानों ने यहां टेंट लगाए थे फिर ठंडक में बचने के इंतजाम किए अब गर्मी शुरु हो गई है तो अलग से व्यवस्था की जा रही है।

By Vinay Kumar TiwariEdited By: Publish:Fri, 09 Apr 2021 01:43 PM (IST) Updated:Fri, 09 Apr 2021 04:47 PM (IST)
Kisan Andolan: नियम कानूनों को पूरी तरह से ठेंगा दिखा रहे सीमा पर बैठे आंदोलनकारी किसान, पढ़िए कैसे
जीटी रोड पर किया जा रहा पक्का निर्माण कार्य - जागरण

जागरण संवाददाता, दिल्ली/सोनीपत। कृषि कानूनों के विरोध में कुंडली बार्डर पर चल रहा आंदोलन जारी है। अब ये 133वें दिन में पहुंच गया है। आंदोलन शुरु करने के दौरान किसानों ने यहां टेंट लगाए थे, फिर ठंडक में बचने के इंतजाम किए अब गर्मी शुरु हो गई है तो उसके लिए अलग से व्यवस्था की जा रही है।

आंदोलनकारी अब पुलिस-प्रशासन और नियम-कानूनों को पूरी तरह से ठेंगा दिखा रहे हैं। किसानों ने जीटी रोड पर ईंट और सीमेंट मिलाकर पक्का निर्माण शुरु कर दिया है। जब ये निर्माण शुरु हुआ था उस समय पुलिस ने केस दर्ज किया था मगर किसान नहीं माने।

जीटी रोड के ऊपर किए जा रहे पक्के निर्माण को रुकवाने और एफआइआर दर्ज होने के बावजूद आंदोलनकारियों ने गुपचुप तरीके से अब निर्माण पूरा कर लिया। हालांकि आंदोलनकारियों ने पक्की छत तो नहीं डाली, लेकिन टीन की चद्दरें लगाकर छत बना लिया है। हालांकि अब पुलिस प्रशासन इसे हटाने की बात कह रही है।

कुंडली बार्डर पर पिछले महीने पंजाब से आए एक गुट ने ईंट व सीमेंट से जीटी रोड पर तीन-चार कमरे का भवन निर्माण शुरू कर दिया था। भवन की दीवारें करीब आठ फुट खड़ी हो चुकी थी। इसके बाद सूचना मिलने पर पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवा दिया था और एनएचएआइ की शिकायत पर रोड के ऊपर पक्का निर्माण करने वालों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई थी।
हालांकि एफआइआर दर्ज होने के बाद इस संबंध में काई कार्रवाई नहीं हुई और धीरे-धीरे आंदोलनकारियों ने उसकी दीवार को कुछ और ऊंची कर टीन की चद्दरें डालकर छत बना लिया है। आंदोलनकारियों का कहना है कि गर्मी के प्रकोप को देखते हुए महिला व बच्चों के लिए इसका निर्माण किया गया है। बृहस्पतिवार को पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्यों के साथ बैठक भी की। बैठक में मोर्चा ने युवाओं द्वारा निर्माण करने की बात कहते हुए पक्का निर्माण नहीं करने का आश्वासन दिया है।
अधिकारी का बयान
निर्माण को लेकर संयुक्त मोर्चा के सदस्यों साथ बैठक की गई है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि भविष्य में इस तरह का कोई भी पक्का निर्माण नहीं होगा। हालांकि आश्वासन उन्होंने पूर्व में भी दिए थे, लेकिन फिर भी निर्माण कर लिया गया। इसलिए इन पर अब भरोसा नहीं किया जा सकता है। जो पक्का निर्माण किया गया है, उसे हटवाया जाएगा और भविष्य में रोड पर किसी तरह का पक्का निर्माण नहीं करने दिया जाएगा। -जशनदीप सिंह रंधावा, एसपी, सोनीपत
chat bot
आपका साथी